फॉण्ट कनवर्टर NEW

27 नवंबर से घाटशिला में होगी राज्यस्तरीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप

झारखंड में बॉक्सिंग प्रतियोगिताओं के आयोजन और एसोसिएशन की मान्यता को लेकर विवाद सामने आया है। झारखंड बॉक्सिंग एसोसिएशन के महासचिव आनंद बिहारी दुबे ने कथित एडहॉक कमेटी द्वारा राज्यस्तरीय प्रतियोगिता आयोजित करने की घोषणा पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि इस कमेटी को

अपनी भाषा में पढ़ें

जमशेदपुर। झारखंड में बॉक्सिंग प्रतियोगिताओं के आयोजन और एसोसिएशन की मान्यता को लेकर विवाद सामने आया है। झारखंड बॉक्सिंग एसोसिएशन के महासचिव आनंद बिहारी दुबे ने कथित एडहॉक कमेटी द्वारा राज्यस्तरीय प्रतियोगिता आयोजित करने की घोषणा पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि इस कमेटी को राज्य में अधिकृत बॉक्सिंग प्रतियोगिता कराने का कोई वैधानिक अधिकार नहीं है।

आनंद बिहारी दुबे ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि झारखंड में मान्यता प्राप्त संस्था झारखंड बॉक्सिंग एसोसिएशन ही है। उनके अनुसार, कथित एडहॉक कमेटी को न तो एसोसिएशन की मान्यता मिली है और न ही उसे अधिकृत प्रतियोगिता कराने का अधिकार है।

बीएफआई और ओलंपिक संघ से मान्यता नहीं मिलने का दावा

दुबे ने दावा किया कि बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (बीएफआई) के महासचिव प्रमोद कुमार ने भी कथित एडहॉक कमेटी को अस्वीकार किया है। इसके अलावा बीएफआई की एक्जीक्यूटिव कमेटी और झारखंड ओलंपिक संघ से भी इस समिति को मान्यता नहीं मिली है।

उन्होंने कहा कि केवल कमेटी बनाने या पदाधिकारियों की घोषणा करने से किसी संस्था को आधिकारिक मान्यता नहीं मिल जाती। इसके लिए निर्धारित नियमों और संबंधित खेल महासंघ की प्रक्रिया का पालन जरूरी है।

27 से 29 नवंबर तक घाटशिला में होगी चैंपियनशिप

आनंद बिहारी दुबे ने बताया कि झारखंड बॉक्सिंग एसोसिएशन की ओर से 27 से 29 नवंबर 2026 तक घाटशिला, पूर्वी सिंहभूम में राज्य एलीट पुरुष एवं महिला बॉक्सिंग चैंपियनशिप सह ओपन ट्रायल का आयोजन किया जाएगा।

इस प्रतियोगिता में राज्य के सभी संबंधित जिला बॉक्सिंग संघों के पात्र पुरुष और महिला खिलाड़ी भाग ले सकेंगे। इसी प्रतियोगिता के माध्यम से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस आयोजन को झारखंड ओलंपिक संघ की मान्यता भी प्राप्त है।

22 नवंबर की प्रतियोगिता में शामिल नहीं होने की अपील

दुबे ने सभी जिला बॉक्सिंग संघों, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अभिभावकों से अपील की है कि वे कथित एडहॉक कमेटी की ओर से 22 नवंबर 2026 को आयोजित प्रतियोगिता में हिस्सा न लें। उन्होंने खिलाड़ियों से किसी भी प्रतियोगिता में शामिल होने से पहले उसकी आधिकारिक मान्यता की जांच करने को कहा।

मीडिया से भी की अपील

आनंद बिहारी दुबे ने मीडिया संस्थानों से भी आग्रह किया कि बॉक्सिंग से जुड़ी किसी भी समिति या प्रतियोगिता की खबर प्रकाशित करने से पहले उसकी मान्यता और अधिकारों की पुष्टि जरूर करें।

उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों का भविष्य सबसे महत्वपूर्ण है। एसोसिएशन का उद्देश्य राज्य में बॉक्सिंग खेल का विकास करना और खिलाड़ियों के हितों की रक्षा करना है। उन्होंने सभी जिला संघों और खिलाड़ियों से 27 से 29 नवंबर तक घाटशिला में होने वाली राज्यस्तरीय चैंपियनशिप में अधिक से अधिक भाग लेने की अपील की।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram