Patna: रक्षाबंधन के मौके पर जदयू प्रदेश कार्यालय में भाई-बहन के रिश्ते की आत्मीयता देखने को मिली। ग्रामीण विकास एवं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के मंत्री और जदयू विधायक दल के नेता श्रवण कुमार ने महिला कार्यकर्ताओं और नेत्रियों से राखी बंधवाई। इस दौरान उन्होंने सभी महिला कार्यकर्ताओं और जीविका दीदियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। मंत्री ने कहा कि समाज के हर क्षेत्र में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में महिला सशक्तीकरण की दिशा में कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं।
महिला कार्यकर्ताओं से बंधवाई राखी
जदयू प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रदेश स्तरीय महिला नेत्रियों कंचन गुप्ता, मधू कुमारी, कुसुम कुमारी, अनीता कुमारी पटेल, रेणु कुमारी पटेल और सुमन सिन्हा समेत अन्य ने मंत्री श्रवण कुमार की कलाई पर राखी बांधी। इस मौके पर बिहार विधान परिषद के मुख्य सचेतक संजय कुमार उर्फ गांधी जी ने भी महिला कार्यकर्ताओं से राखी बंधवाई। दोनों नेताओं ने महिला नेत्रियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सुख-समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सामाजिक सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील
श्रवण कुमार ने कहा कि रक्षाबंधन सहित सभी पर्व-त्योहार लोगों को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने चाहिए। उन्होंने लोगों से पर्व के दौरान पर्यावरण संरक्षण का भी ध्यान रखने की अपील की। उन्होंने सभी के स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए कहा कि सामाजिक सौहार्द और आपसी आत्मीयता के साथ पर्व-त्योहार मनाने से समाज में सकारात्मक माहौल मजबूत होता है।
जदयू कार्यालय में दिखा उत्साह
कार्यक्रम के दौरान प्रदेश जदयू कार्यालय परिसर में उत्साह और आत्मीयता का माहौल रहा। महिला कार्यकर्ताओं ने भाई-बहन के पवित्र रिश्ते की भावना के साथ नेताओं को राखी बांधी। कार्यक्रम में पूर्व विधान पार्षद सतीश कुमार, मुख्यालय प्रभारी अंजुम आरा, कार्यालय प्रभारी अरुण कुमार वर्मा और महासचिव रणविजय सिंह समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।





