Seoul, (South Korea): समुद्र के गहरे पानी में रहने वाली शार्क अगर शहर के बीचोंबीच बनी किसी नहर में तैरती दिख जाए, तो लोगों का चौंकना लाजिमी है। दक्षिण कोरिया के बुसान शहर में इन दिनों कुछ ऐसा ही अनोखा नजारा देखने को मिल रहा है। यहां पिछले 12 दिनों से एक शार्क शहर की कृत्रिम नहर में फंसी हुई है और देखते ही देखते वह इलाके की सबसे बड़ी ‘सेलिब्रिटी’ बन चुकी है। इस शार्क को देखने और उसके साथ सेल्फी लेने के लिए अब तक 6 लाख से ज्यादा स्थानीय लोग और पर्यटक पहुंच चुके हैं। लोगों ने प्यार से इस शार्क का नाम ‘बुकांग-ई’ रख दिया है।
18 सितंबर से नहर में अटकी है शार्क
यह शार्क पहली बार 18 सितंबर को बुसान के नॉर्थ पोर्ट इलाके में बने एक वॉटरफ्रंट पार्क की नहर में देखी गई थी। सूचना मिलते ही अधिकारियों ने शुरुआती स्तर पर उसे पानी से बाहर निकालकर समुद्र में भेजने की कोशिश की थी, लेकिन शार्क ने नहर छोड़ने से इनकार कर दिया। कई नाकाम कोशिशों के बाद टीम को रेस्क्यू रोकना पड़ा था। इसी बीच नहर में शार्क दिखने की खबर शहर में फैल गई और रोज हजारों की तादाद में दर्शक जुटने लगे। इसका नाम नॉर्थ पोर्ट (बुकहांग) और कोरियाई भाषा के पारंपरिक प्रत्यय को मिलाकर ‘बुकांग-ई’ रखा गया है।
12 दिनों से भूखी है शार्क, रेस्क्यू का नया प्लान
समुद्री विशेषज्ञों और अधिकारियों के लिए अब यह कौतूहल चिंता में बदल गया है। अधिकारियों के मुताबिक, पिछले 12 दिनों के दौरान शार्क को नहर के भीतर कुछ भी खाते-पीते नहीं देखा गया है। ऐसे में उसकी सेहत को ध्यान में रखते हुए उसे अब ज्यादा दिन नहर में छोड़ना जानलेवा हो सकता है। इसी वजह से बुसान कोस्ट गार्ड और नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फिशरीज साइंस की संयुक्त टीम ने उसे सुरक्षित बाहर निकालने का नया और बड़ा ऑपरेशन शुरू किया है।
पानी की धार और विशेष जाल से समुद्र में वापसी
बचाव दल ने शार्क को निकालने के लिए दोहरी रणनीति तैयार की है। पहले चरण में दो नौकाओं की मदद से पानी की तेज धार छोड़कर शार्क को धीरे-धीरे नहर के मुहाने से खुले समुद्र की ओर धकेलने का प्रयास किया जाएगा। अगर पानी के दबाव वाला यह तरीका कारगर साबित नहीं होता, तो नहर की चौड़ाई और गहराई के हिसाब से खास तौर पर तैयार किए गए बड़े जाल का सहारा लिया जाएगा। विशेषज्ञों का लक्ष्य शार्क को बिना कोई नुकसान पहुंचाए सुरक्षित गहरे समुद्र में छोड़ना है।




