Mumbai: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP-SP) के प्रमुख और दिग्गज नेता शरद पवार को नियमित मेडिकल जांच और इलाज के लिए मुंबई के प्रतिष्ठित ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इससे एक दिन पहले ही उन्हें पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक से अस्पताल से छुट्टी मिली थी। शरद पवार को खांसी और सांस लेने पर सीने में दर्द की शिकायत के बाद गत 2 नवंबर को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनके अस्पताल में भर्ती होने की खबर मिलते ही राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई, और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद फोन कर उनका हाल-चाल जाना।
पीएम मोदी और शरद पवार के बीच फोन पर बातचीत
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अस्पताल में भर्ती शरद पवार से फोन पर बात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। बातचीत के दौरान पीएम मोदी ने तंज और स्नेह भरे लहजे में पवार से कहा, “सुप्रिया अब तैयार हैं, सुप्रिया और हम मिलकर देश संभालेंगे, आप आराम कीजिए।”
पवार के करीबी माने जाने वाले विट्ठल मनियार के मुताबिक, इस पर शरद पवार ने जवाब दिया, “मैं आराम कर रहा हूं। जब आप सभी साथ हैं, तो मुझे देश की कोई चिंता नहीं है।” हालांकि, मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार शरद पवार और प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की तरफ से इस विशेष बातचीत की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन यह प्रसंग राजनीतिक चर्चाओं में बना हुआ है।
राजनीतिक पृष्ठभूमि और पारिवारिक अपडेट
रविवार को एनसीपी के कई बड़े नेताओं की गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात के बाद पार्टी के दोनों धड़ों (सुनेत्रा पवार और शरद पवार गुट) के विलय की अटकलें तेज हो गई थीं, हालांकि पार्टी ने इन खबरों को सिरे से खारिज कर दिया था।
प्रधानमंत्री मोदी और शरद पवार के रिश्ते हमेशा से राजनीतिक कटुता से ऊपर रहे हैं। चुनावी मंचों पर एक-दूसरे पर तीखे हमले करने के बावजूद दोनों नेताओं के बीच व्यक्तिगत संबंध काफी सौहार्दपूर्ण रहे हैं। साल 2015 में बारामती दौरे के दौरान पीएम मोदी ने सार्वजनिक रूप से शरद पवार के लंबे राजनीतिक अनुभव की सराहना की थी।
इसके अलावा, मोदी सरकार ने साल 2017 में शरद पवार को देश के दूसरे सबसे बड़े नागरिक सम्मान ‘पद्म विभूषण’ से सम्मानित किया था। पवार देश के उन चुनिंदा विपक्षी नेताओं में गिने जाते हैं जिनका प्रधानमंत्री से सीधा संपर्क है और वे राष्ट्रीय या महाराष्ट्र के प्रशासनिक मुद्दों पर अक्सर वन-टू-वन मुलाकात करते हैं। वर्तमान में उनकी बेटी और सांसद सुप्रिया सुले उनके स्वास्थ्य पर नजर बनाए हुए हैं।






