Patna: संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को पटना के ज्ञान भवन में समरसता संकल्प अभियान की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि संत रविदास के समरसता, सेवा और मानवता के संदेश को बिहार के गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने शिक्षा, तकनीक और सामाजिक समरसता से जुड़े कई महत्वपूर्ण ऐलान भी किए।
Read more: 21 हजार करोड़ से बदलेगी बिहार की सड़कों की तस्वीर, नाबार्ड के साथ बड़ा समझौता
संत रविदास के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने की पहल
मुख्यमंत्री ने कहा कि संत रविदास ने समाज को जोड़ने का काम किया और उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं। उन्होंने बताया कि संत रविदास की जन्मभूमि की मिट्टी को जिला, प्रखंड और पंचायत स्तर तक पहुंचाया जाएगा। यदि कोई मठ, मंदिर, धार्मिक स्थल, टोला या परिवार यह मिट्टी चाहता है, तो वहां भी उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी।
शिक्षा के क्षेत्र में किए कई बड़े ऐलान
मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीब बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार व्यापक स्तर पर काम कर रही है। उन्होंने बताया कि बिहार के सभी जिलों में माता सावित्रीबाई फुले के नाम पर आवासीय छात्रावास के साथ विद्यालय खोले जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सरकारी विद्यालयों में नीट और जेईई की तैयारी के साथ लाइव कक्षाओं की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही 15 अगस्त से सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को रात 11 बजे तक ऑनलाइन शिक्षकों की सहायता उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।
Read more: अब AI से बदलेंगे बिहार के विकास कार्य! मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बताया नया प्लान
उच्च शिक्षा और नए विश्वविद्यालयों पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में 211 डिग्री कॉलेज खोले गए हैं और उनमें शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि टीआरई-4 के तहत करीब 32 हजार शिक्षकों की बहाली की जा रही है, जबकि करीब 9 हजार अतिरिक्त असिस्टेंट प्रोफेसर पद सृजित करने की दिशा में भी काम चल रहा है।
उन्होंने कहा कि भागलपुर में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नाम पर एआई और कंप्यूटर साइंस विश्वविद्यालय स्थापित किया जाएगा। इसके अलावा प्राचीन विक्रमशिला विश्वविद्यालय के पुनर्स्थापन की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। वहीं बेगूसराय में राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर के नाम पर साहित्य विश्वविद्यालय तथा मुजफ्फरपुर में जुब्बा साहनी के नाम पर आर्किटेक्चर एवं सिविल इंजीनियरिंग विश्वविद्यालय स्थापित करने की दिशा में भी पहल की जा रही है।
सामाजिक समरसता और विकास पर दिया जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज को सभी वर्गों को साथ लेकर आगे बढ़ाना होगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “सबका साथ, सबका विकास” के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार सामाजिक न्याय, शिक्षा और विकास को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम के दौरान संत रविदास के जीवन और विचारों पर आधारित लघु फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया। समारोह में कई मंत्री, जनप्रतिनिधि, साधु-संत और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।





