रांची/धनबाद: चुनाव आयोग के खिलाफ शनिवार को झारखंड में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) और भाकपा माले ने अलग-अलग प्रदर्शन किया। रांची में RJD कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका और उनके इस्तीफे की मांग की। वहीं, धनबाद में भाकपा माले ने चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं की जांच की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
रांची में RJD ने निकाला आक्रोश मार्च
रांची में झारखंड RJD की प्रदेश उपाध्यक्ष अनिता यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने रांची विश्वविद्यालय गेट से परमवीर अल्बर्ट एक्का चौक तक आक्रोश मार्च निकाला। कार्यकर्ता पार्टी के झंडे और बैनर लेकर शामिल हुए। उनके हाथों में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला भी था।
परमवीर अल्बर्ट एक्का चौक पर पहुंचने के बाद कार्यकर्ताओं ने पुतला फूंका और ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। इस दौरान केंद्र सरकार, भाजपा और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी भी की गई।
अनिता यादव ने आरोप लगाया कि विपक्ष लगातार चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाता रहा है। उन्होंने SIR और बांग्लादेशी नागरिकों के नाम पर मतदाताओं के वोट देने के अधिकार को प्रभावित करने का भी आरोप लगाया।
धनबाद में माले ने किया प्रदर्शन
धनबाद के रणधीर वर्मा चौक पर भाकपा माले ने चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में AISA से जुड़े छात्र-छात्राओं ने भी हिस्सा लिया। इस दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंका गया।
माले नेताओं ने चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और मतों की कथित हेराफेरी की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। साथ ही मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग भी उठाई गई।
दोबारा चुनाव कराने की मांग
प्रदर्शन के दौरान माले नेताओं ने बिहार और पश्चिम बंगाल समेत उन राज्यों में दोबारा चुनाव कराने की मांग की, जहां पार्टी ने चुनाव प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए हैं।
माले नेताओं ने कहा कि मतदान का अधिकार लोकतंत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा है। चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए उनका आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।




