Ranchi: खादगढ़ा स्थित भगवान बिरसा मुंडा बस टर्मिनल पर पारदर्शी व्यवस्था लागू करने के उद्देश्य से रांची नगर निगम ने सीधे विभागीय स्तर पर टोल टैक्स वसूली शुरू कर दी है। 25 सितंबर से शुरू हुई इस नई व्यवस्था के तहत महज 24 घंटों में निगम ने लगभग ₹1.50 लाख का राजस्व संग्रहित किया है।
व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए 15 दिनों का विशेष रोस्टर तैयार किया गया है। इसके तहत अधिकारियों और कर्मियों की संयुक्त टीम सुबह 4 बजे से रात 10 बजे तक दो पालियों में टोल टैक्स वसूल रही है। निगम ने दरें तय करते हुए बसों के लिए ₹150 और ऑटो के लिए ₹20 (24 घंटे हेतु) निर्धारित किए हैं।
यात्रियों और वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे केवल निर्धारित शुल्क ही दें और किसी भी अतिरिक्त मांग की तुरंत शिकायत दर्ज कराएं। अवैध वसूली, अतिक्रमण और अव्यवस्था पर कड़ी नजर रखने के लिए एनफोर्समेंट टीम की प्रतिनियुक्ति की गई है। नागरिक किसी भी शिकायत के लिए ‘स्मार्ट रांची ऐप’, टोल-फ्री नंबर या व्हाट्सएप हेल्पलाइन का उपयोग कर सकते हैं।




