रांची: झारखंड में अगले पांच दिनों तक मौसम बदला हुआ रहेगा। राज्य के कई जिलों में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने 16 सितंबर को कुछ इलाकों में वज्रपात और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है।
रांची समेत कई जिलों में आज बारिश
15 सितंबर को झारखंड के ज्यादातर हिस्सों में आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। रांची में भी एक-दो बार बारिश हो सकती है।
रांची का अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री रहने का अनुमान है।
20 सितंबर तक बारिश का दौर
मौसम विभाग के अनुसार, 16 और 17 सितंबर को भी राज्य के कई हिस्सों में बारिश और मेघ गर्जन हो सकती है। 16 सितंबर को रांची का तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री के आसपास रह सकता है।
18 से 20 सितंबर के बीच भी राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। रांची में भी इस दौरान गरज के साथ बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग का कहना है कि अगले पांच दिनों में झारखंड के अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है।
16 सितंबर को सावधानी जरूरी
मौसम विभाग ने 16 सितंबर को कुछ इलाकों में वज्रपात और तेज हवा की चेतावनी दी है। इस दौरान हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है।
लोगों को सलाह दी गई है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचें और सुरक्षित जगह पर रहें।



