Bokaro : राधानगर पंचायत के मुखिया सह भारतीय जनता पार्टी पिंड्राजोरा मंडल महामंत्री स्वरूप दास ने मंगलवार को बोकारो जिला परियोजना प्रबंधक (डीपीएम) से मुलाकात कर राधानगर संकुल की दीदियों की सुविधा और बेहतर आवागमन को लेकर विभिन्न मांगें रखीं। उन्होंने संकुल की दीदियों के लिए वाहन की व्यवस्था समेत अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग को लेकर मांग पत्र सौंपा। स्वरूप दास ने कहा कि राधानगर संकुल के अंतर्गत आने वाली सात पंचायतों की लगभग सात हजार दीदियों को आवागमन सहित अन्य कार्यों में कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उनकी सुविधा को ध्यान में रखते हुए वाहन उपलब्ध कराने समेत अन्य जरूरी सुविधाओं की मांग की गई है। उन्होंने कहा कि दीदियों की सुविधा और उनके सशक्तिकरण को लेकर लगातार प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में जल्द ही झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से भी मुलाकात कर दीदियों की समस्याओं और सुविधाओं से संबंधित मांगों को उनके समक्ष रखा जाएगा। मुलाकात के दौरान राधानगर संकुल को और अधिक सुदृढ़ एवं सुविधायुक्त बनाने को लेकर सकारात्मक एवं सार्थक चर्चा हुई। डीपीएम ने सभी जायज मांगों पर शीघ्र पहल करने का आश्वासन दिया। स्वरूप दास ने कहा कि दीदियों की सुविधा, सम्मान एवं सशक्तिकरण के लिए वे निरंतर प्रयासरत हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि संबंधित मांगों पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई होगी, जिससे संकुल से जुड़ी हजारों दीदियों को इसका लाभ मिल सकेगा।





