रांची: झारखंड हाईकोर्ट की अधिवक्ता अनुष्का चक्रवर्ती की संदिग्ध मौत के मामले में हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। शुक्रवार को कोर्ट के आदेश पर मामले के अनुसंधानकर्ता DSP अदालत में पेश हुए। कोर्ट ने उनसे अब तक की जांच की पूरी जानकारी मांगी है। साथ ही केस डायरी और जांच की अपडेट रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया है। अदालत ने अनुसंधानकर्ता को अगली सुनवाई में भी उपस्थित रहने को कहा है।
मामले की सुनवाई न्यायमूर्ति रंगन मुखोपाध्याय की अदालत में हुई। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने जांच अधिकारी से पूछा कि अब तक इस मामले में कितनी गिरफ्तारियां हुई हैं। इससे पहले DSP ने जांच की अपडेट रिपोर्ट तैयार करने के लिए समय मांगा था। अदालत ने उनकी मांग स्वीकार करते हुए 6 दिसंबर तक का समय दिया है। प्रार्थी की ओर से अधिवक्ता विकास कुमार ने पक्ष रखा।
कोर्ट ने पूछा, अब तक कितनी गिरफ्तारियां हुईं?
सुनवाई के दौरान अदालत ने मामले की जांच कर रहे DSP से अब तक हुई कार्रवाई का ब्योरा मांगा। कोर्ट ने केस डायरी भी प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है, ताकि जांच की प्रगति की जानकारी मिल सके।
इससे पहले प्रार्थी की ओर से अदालत में कहा गया कि अनुष्का की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। इसलिए मामले की व्यापक और निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। प्रार्थी ने यह भी बताया कि घटना के बाद अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। आरोप लगाया गया कि पुलिस आरोपियों को बचाने के लिए जानबूझकर कार्रवाई नहीं कर रही है।
फ्लैट में मिला था अनुष्का का शव, पति और ससुराल वालों पर आरोप
बता दें कि हजारीबाग के बड़ा बाजार थाना क्षेत्र स्थित गुप्ता कॉम्प्लेक्स के एक फ्लैट में अनुष्का चक्रवर्ती का शव मिला था। वह झारखंड हाईकोर्ट में अधिवक्ता थीं। उनके पिता सुनील कुमार चक्रवर्ती ने पति कुशाग्र रुद्र और उसके माता-पिता पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।
परिजनों के मुताबिक, अनुष्का और उनके पति ने करीब तीन साल पहले प्रेम विवाह किया था। दोनों गुप्ता कॉम्प्लेक्स के उसी फ्लैट में रह रहे थे, जहां बाद में अनुष्का का शव मिला।
दो बार पोस्टमार्टम और शरीर पर चोट के निशान पर उठाए सवाल
प्रार्थी की ओर से अदालत में अनुष्का की मौत को संदिग्ध बताते हुए जांच में कई सवाल उठाए गए। कोर्ट को बताया गया कि महज तीन घंटे के भीतर मृतका का दो बार पोस्टमार्टम कराया गया था। इसे भी संदेह का आधार बताया गया।
इसके अलावा प्रार्थी की ओर से कहा गया कि शव मिलने के समय अनुष्का का पैर जमीन से सटा हुआ था और शरीर पर चोट के निशान भी पाए गए थे। इन परिस्थितियों की गंभीरता से जांच कराने की मांग की गई।
भाई ने हाईकोर्ट में दायर की है क्रिमिनल रिट याचिका
अनुष्का के भाई देवजीत चक्रवर्ती ने इस मामले में हाईकोर्ट में क्रिमिनल रिट याचिका दायर की है। याचिका के जरिए पूरे मामले की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई है।
वहीं, पिता सुनील कुमार चक्रवर्ती ने भी अपने दामाद रुद्र राणा और उसके माता-पिता पर बेटी को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। उनका आरोप है कि बेटी की हत्या कर शव को पंखे से लटका दिया गया था। फिलहाल मामले में पुलिस जांच और हाईकोर्ट की सुनवाई जारी है। अगली सुनवाई में जांच की प्रगति पर रिपोर्ट पेश की जाएगी।




