Patna: बिहार में गंगा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने की आशंका के चलते राज्य आपदा प्रबंधन विभाग ने पटना समेत आठ जिलों में हाई अलर्ट जारी किया है। जल संसाधन विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, पटना के गांधी घाट पर गुरुवार रात और मोकामा के हाथीदह में शुक्रवार दोपहर तक गंगा नदी अपने उच्चतम जलस्तर की सीमा को पार कर सकती है। इस संभावित खतरे को देखते हुए पटना, भोजपुर, सारण, वैशाली, नालंदा, बेगूसराय, लखीसराय और जहानाबाद जिले के निचले व तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को पूरी तरह सतर्क रहने को कहा गया है।
Read more: बिहार में गंगा का रौद्र रूप: पटना समेत 8 जिलों में हाई अलर्ट, निर्देश जारी
नदी किनारे जाने और सेल्फी लेने पर रोक
आपदा प्रबंधन विभाग ने लोगों से किसी भी प्रकार का जोखिम न लेने की सख्त अपील की है। जारी दिशा-निर्देशों में साफ कहा गया है कि लोग नदी तटों, घाटों, तटबंधों और निचले इलाकों में अनावश्यक रूप से जाने से बचें। बच्चों, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों को नदी व जलभराव वाले क्षेत्रों से सुरक्षित दूरी पर रखें। नदी में नहाने, तैराकी करने, नाव के अनावश्यक इस्तेमाल और पानी के पास सेल्फी लेने जैसी खतरनाक गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाने की सलाह दी गई है।
जरूरी सामान सुरक्षित रखें, अफवाहों से बचें
प्रशासन ने लोगों से चिन्हित सुरक्षित स्थानों और राहत शिविरों की जानकारी रखने को कहा है, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत वहां शिफ्ट हुआ जा सके। लोग अपने जरूरी दस्तावेज, दवाएं, मोबाइल फोन, टॉर्च, पीने का पानी और आवश्यक सामान सुरक्षित बैग में तैयार रखें।
आपदा विभाग ने नागरिकों से केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने और अफवाहों से बचने की अपील की है। किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन या राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र के हेल्पलाइन नंबर 1070 पर तुरंत संपर्क करने को कहा गया है।





