Patna: बिहार के उपमुख्यमंत्री सह जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी ने गुरुवार को सिंचाई भवन स्थित अपने कार्यालय कक्ष में वरीय अधिकारियों के साथ अहम बैठक की। इस दौरान उन्होंने राज्य के विभिन्न जिलों में बाढ़ और नदी कटाव से निपटने के लिए चलाए जा रहे कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उप मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिया कि राज्य में बाढ़ निरोधक कार्यों को पूरी मुस्तैदी और तत्परता के साथ पूरा कराया जाए, ताकि संभावित नुकसान को समय रहते रोका जा सके।
कमांड कंट्रोल सेंटर का निरीक्षण और नदियों की समीक्षा
उपमुख्यमंत्री ने सिंचाई भवन स्थित जल संसाधन विभाग के कमांड कंट्रोल सेंटर का सघन निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (VC) के जरिए पुनपुन एवं दरधा नदियों के बढ़ते जलस्तर की स्थिति का जायजा लिया। साथ ही भागलपुर जिले के खरीक प्रखंड स्थित काजीकोरैया-राघोपुर बांध और आसपास के संवेदनशील कटाव प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे कार्यों की प्रगति जानी और अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
युद्धस्तर पर फ्लड फाइटिंग और सतत निगरानी के आदेश
बैठक में उपमुख्यमंत्री ने संवेदनशील इलाकों में चल रहे फ्लड फाइटिंग कार्यों की निरंतर और सख्त निगरानी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि समय रहते कदम उठाने से प्रभावित क्षेत्रों में आम लोगों की सुरक्षा पुख्ता होगी। श्री चौधरी ने विभाग के सचिव और अभियंताओं की टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने अधिकारियों को फील्ड में चल रहे कार्यों पर पैनी नजर रखने, कमांड कंट्रोल सेंटर से नियमित मॉनिटरिंग करने और स्थानीय स्तर से मिलने वाली किसी भी सूचना पर तुरंत एक्शन लेने का निर्देश दिया। बैठक में विभाग के कई वरीय अधिकारी मौजूद रहे।





