फॉण्ट कनवर्टर NEW

278 प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय भवनों का निर्माण जारी, सचिव ने की समीक्षा

बिहार में 278 प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय भवनों का निर्माण तेजी से जारी, सचिव प्रणव कुमार ने की समीक्षा, गया में सबसे अधिक 14 भवन, उड़नदस्ता टीम रखेगी गुणवत्ता पर नजर।

अपनी भाषा में पढ़ें

Patna: बिहार के प्रशासनिक ढांचे को आधुनिक और मजबूत बनाने के लिए राज्य में 278 प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय भवनों का निर्माण तेजी से कराया जा रहा है। भवन निर्माण विभाग के मुताबिक, राज्य के 240 प्रखंडों में सिर्फ कार्यालय भवन और 59 प्रखंडों में कार्यालय के साथ आवासीय परिसर विकसित किए जा रहे हैं। इनमें से वर्तमान में कुल 278 भवनों का निर्माण कार्य प्रगति पर है। विभाग के सचिव प्रणव कुमार ने समीक्षा बैठक कर इन सभी परियोजनाओं की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया।

गया और छपरा में सबसे अधिक निर्माण कार्य

आंकड़ों के अनुसार, सबसे ज्यादा गया भवन प्रमंडल में 14, छपरा में 13, बेगूसराय में 12, भागलपुर व मोतिहारी में 11-11, जबकि आरा, बेतिया, दरभंगा, मधुबनी और पूर्णिया में 10-10 भवनों का निर्माण चल रहा है। कई जगहों पर काम तेजी से अंतिम चरणों की ओर बढ़ रहा है। आरा सदर में शटरिंग व रिइंफोर्समेंट, कोईलवर में ग्राउंड फ्लोर कॉलम की ढलाई तथा तेघड़ा व बरौनी में ग्राउंड और फर्स्ट फ्लोर की छत ढलाई का काम चल रहा है।

मंसूरचक, बखरी और साहेबपुर कमाल में फाउंडेशन पूरा कर टाइप ए, बी और सी आवासीय ब्लॉक के कॉलम कास्टिंग का काम जारी है। अररिया सदर और रानीगंज में स्लैब कास्टिंग पूरी हो चुकी है। वहीं गोपालगंज के बरौली में तीसरे तल की छत ढलाई पूरी हो गई है और भोरे प्रखंड में मुख्य भवन सहित टाइप ए, बी, सी व डी आवासीय क्वार्टरों का 40 फीसदी काम मुकम्मल हो चुका है।

उड़नदस्ता दल कर रहा स्थल निरीक्षण: सचिव

विभाग के सचिव प्रणव कुमार ने स्पष्ट किया कि सभी भवनों का निर्माण उच्च गुणवत्ता के साथ कराया जा रहा है और मुख्यालय स्तर से इसकी लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। तय समय सीमा में काम पूरा करने के लिए उड़नदस्ता दल (Flying Squad) नियमित रूप से निर्माण स्थलों का औचक निरीक्षण कर रहा है। जहां भी जमीन या साइट से जुड़ी अड़चनें हैं, उन्हें दूर कर काम में गति लाई जा रही है।

अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होंगे नए भवन

तीन मंजिला (जी+2) बनने वाले इन नए प्रशासनिक भवनों में बीडीओ (BDO) और सीओ (CO) समेत अन्य अधिकारियों के दफ्तर, आधुनिक कॉन्फ्रेंस हॉल, आरटीपीएस (RTPS) काउंटर, कैंटीन और रिकॉर्ड रूम की व्यवस्था होगी। इसके अलावा पर्यावरण संरक्षण और बिजली की बचत के लिए भवनों की छतों पर सोलर पैनल भी लगाए जाएंगे।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram