रांची: दुर्गापूजा के दौरान रांची रेलवे स्टेशन पर बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने तैयारियां तेज कर दी हैं। स्टेशन पर रोजाना करीब 55 से 75 हजार यात्री आते हैं। यात्रियों की सुविधा और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए 10 अक्टूबर से स्टेशन के दक्षिणी प्रवेश द्वार को आंशिक रूप से खोला जाएगा।
रांची रेल मंडल के डीआरएम करुणानिधि सिंह ने बताया कि महालया के दिन 10 अक्टूबर को दक्षिणी गेट को आंशिक रूप से खोला जाएगा। इससे दक्षिण दिशा से आने-जाने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी। इसके अलावा प्लेटफॉर्म नंबर-6 से स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा।
प्लेटफॉर्म टिकट अब 20 रुपये
रांची और हटिया रेलवे स्टेशन पर अनावश्यक भीड़ कम करने के लिए प्लेटफॉर्म टिकट की कीमत बढ़ा दी गई है। अब प्लेटफॉर्म टिकट 10 रुपये की जगह 20 रुपये में मिलेगा। रेलवे का कहना है कि इससे बिना यात्रा करने वाले लोगों की भीड़ कम करने में मदद मिलेगी।
तीन स्टेशनों पर वैकल्पिक ठहराव
दक्षिण दिशा की ओर चलने वाली स्पेशल ट्रेनों के लिए बलसिरिंग, गोविंदपुर रोड और बानो स्टेशन पर वैकल्पिक ठहराव की व्यवस्था की गई है। इससे यात्रियों को सुविधा मिलने के साथ प्रमुख स्टेशनों पर भीड़ का दबाव कम करने में मदद मिलेगी।
कई रूटों पर चलेंगी पूजा स्पेशल ट्रेनें
त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए कई रूटों पर स्पेशल ट्रेनें चलाने की तैयारी है। रांची-अजमेर स्पेशल ट्रेन 2 अक्टूबर से 27 नवंबर तक हर शुक्रवार चलेगी और इसकी वापसी रविवार को होगी।
इसके अलावा रांची-अलीपुर, रांची-आनंद विहार, रांची-सांतरागाछी, हटिया-लोकमान्य तिलक टर्मिनस, हटिया-बेंगलुरु और पटना-चर्लपल्ली रूट पर भी स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। रेलवे को उम्मीद है कि इन ट्रेनों से त्योहार के दौरान यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी और भीड़ को संभालने में मदद होगी।




