Ranchi: आपराधिक मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों पर नकेल कसने के उद्देश्य से चलाए जा रहे समकालीन अभियान के तहत पिठोरिया थाना पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अलग-अलग न्यायालयों से संबंधित मुकदमों में फरार चल रहे दो स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्तों में काटमकुली गांव निवासी कृष्ण महतो (पिता स्व. राम रतन महतो) शामिल है, जो मामला संख्या Com-2676/15 में वारंटी था। वहीं, दूसरा अभियुक्त उपर कोनकी गांव निवासी शरफराज अंसारी (पिता काशीब अंसारी) है, जिसके खिलाफ मामला संख्या ORG-285/23 (R) के तहत कोर्ट से वारंट जारी था।
दोनों आरोपी कानूनी प्रक्रिया से बचने के लिए काफी समय से ठिकाने बदलकर छिप रहे थे। गुप्त सूचना और अभियान के तहत पिठोरिया थाना पुलिस ने उनके ठिकानों पर दबिश देकर उन्हें धर दबोचा। कागजी एवं आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों वारंटियों को सुरक्षित रूप से न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से आगे की न्यायिक अभिरक्षा की कार्रवाई की गई। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए फरार वारंटियों और अपराधियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
स्थानीय संवाददाता-मजीद आलम




