Chaibasa: पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय स्थित प्रकोष्ठ में उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समिति की बैठक हुई। बैठक में सहायक समाहर्ता ईरा जोरवाल, जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रिंस कुमार सहित संबंधित पदाधिकारी एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक में जिला इन्नोवेशन चैलेंज एवं चेंज मेकर स्पॉटलाइट के तहत नामांकित शिक्षकों, प्रधानाध्यापकों और साधनसेवियों के कार्यों की समीक्षा की गई। प्राथमिक कक्षाओं (1 से 5) में बच्चों की अधिगम सहभागिता बढ़ाने और विद्यालयी वातावरण में सुधार के लिए स्थानीय स्तर पर विकसित नवाचारों एवं उत्कृष्ट कार्यों का मूल्यांकन किया गया।
जिले में कुल 157 शिक्षकों ने विभिन्न नवाचारों और उत्कृष्ट कार्यों के आधार पर चेंज मेकर स्पॉटलाइट के लिए नामांकन कराया था। जिला स्तरीय समिति ने प्राप्त विवरण और कार्यों के मूल्यांकन के बाद तीन श्रेणियों में कुल 9 शिक्षकों का चयन किया।
इनमें ‘कक्षा उत्प्रेरक’ श्रेणी से 3 शिक्षक, ‘वेल वेंडिंग चैंपियन’ श्रेणी से 3 शिक्षक तथा कक्षा से बाहर की गतिविधियों के माध्यम से बच्चों के पठन-पाठन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 3 शिक्षक शामिल हैं।
इस पहल का उद्देश्य विद्यालयों में स्थानीय स्तर पर किए जा रहे प्रभावी और नवाचारी प्रयासों को पहचान देना और शिक्षकों को प्रोत्साहित करना है। साथ ही सफल नवाचारों को अन्य विद्यालयों में अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग द्वारा ऐसे शिक्षकों के प्रयासों को व्यापक स्तर पर साझा कर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार करने पर जोर दिया जा रहा है।



