रामगढ़: जिले के कैंसर मरीजों के लिए राहत की खबर है। अब सदर अस्पताल, रामगढ़ में कैंसर विशेषज्ञ की सेवाएं उपलब्ध होंगी। इसके लिए विशेष ऑन्कोलॉजी ओपीडी शुरू की जा रही है। यहां मरीज कैंसर की जांच, विशेषज्ञों से परामर्श और जांच रिपोर्ट की समीक्षा करा सकेंगे। इसके अलावा अस्पताल में कीमोथेरेपी की सुविधा भी उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।
हर महीने दो दिन बैठेंगे कैंसर विशेषज्ञ
सदर अस्पताल में विशेष कैंसर ओपीडी के संचालन को लेकर गुरुवार को बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता सिविल सर्जन सह उपाधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने की। जिला प्रशासन के अनुसार, इस व्यवस्था को डीसी ऋतुराज की मंजूरी मिल गई है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मेडिकल ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. श्रीकांत अन्ने हर महीने के पहले और तीसरे गुरुवार को दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक मरीजों को परामर्श देंगे।
मरीजों को जिले में ही मिलेगी विशेषज्ञ सलाह
डीसी ऋतुराज ने बताया कि कैंसर के इलाज के लिए मरीजों को अक्सर बड़े शहरों में जाना पड़ता है। इससे उन्हें आर्थिक परेशानी के साथ लंबी यात्रा भी करनी पड़ती है। सदर अस्पताल में विशेष ओपीडी शुरू होने से मरीजों को अपने जिले में ही विशेषज्ञ चिकित्सकीय सलाह मिल सकेगी।
समय पर जांच और इलाज पर जोर
विशेष ओपीडी में कैंसर से संबंधित समस्याओं की जांच, उपचार के बारे में मार्गदर्शन और पुरानी जांच रिपोर्ट की समीक्षा की जाएगी। साथ ही, पात्र मरीजों को निर्धारित चिकित्सकीय प्रोटोकॉल के अनुसार कीमोथेरेपी की सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।
जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य कैंसर मरीजों को समय पर बेहतर इलाज उपलब्ध कराना है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि कैंसर के लक्षण दिखाई देने पर देरी न करें और समय रहते डॉक्टर से परामर्श लेकर जरूरी जांच कराएं।



