गिरिडीह: झारखंड के गिरिडीह जिले में पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने नक्सलियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। गुरुवार को पारसनाथ पहाड़ी क्षेत्र में चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की गई। इसमें 494 जिलेटिन स्टिक, 16 कमर्शियल डेटोनेटर और करीब 1800 मीटर कॉर्डेक्स वायर शामिल हैं।
गुप्त सूचना पर चलाया गया सर्च ऑपरेशन
पुलिस और सीआरपीएफ के अधिकारियों को बुधवार रात गुप्त सूचना मिली थी कि पारसनाथ पहाड़ी क्षेत्र में नक्सलियों ने विस्फोटक सामग्री छिपाकर रखी है। सूचना के आधार पर संयुक्त टीम बनाई गई और चतरो गांव के जोकाई नाला, सतकटिया समेत आसपास के जंगलों में तलाशी अभियान चलाया गया।
गुरुवार सुबह से दोपहर तक चले अभियान में टीम को विस्फोटक सामग्री बरामद करने में सफलता मिली।
विस्फोटक के साथ वायरलेस सेट भी मिले
सर्च ऑपरेशन के दौरान टीम ने 494 जिलेटिन स्टिक, 16 आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त डेटोनेटर और कॉर्डेक्स वायर के नौ बंडल बरामद किए। इसके अलावा दो काले रंग के राइफल सीलिंग पीस, एक क्षतिग्रस्त स्पीकर और दो खराब वायरलेस सेट भी मिले।
CRPF और जिला पुलिस की टीम रही शामिल
इस अभियान में सीआरपीएफ की 154वीं बटालियन, झारखंड आर्म्ड पुलिस (जैप) और जिला पुलिस के जवान शामिल थे। अभियान का नेतृत्व सीआरपीएफ के डिप्टी कमांडेंट भट्टाचार्य उपाध्याय भाष्कर और खुखरा थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार सिंह ने किया।
पुलिस ने शुरू की आगे की जांच
पारसनाथ पहाड़ी के जंगलों से इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। आशंका जताई जा रही है कि इस सामग्री को किसी बड़ी नक्सली गतिविधि के लिए छिपाकर रखा गया था। हालांकि, इसका वास्तविक उद्देश्य जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
पुलिस ने मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है।



