अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Chaibasa News: झारखंड पुलिस, सीआरपीएफ, कोबरा और झारखंड जगुआर की संयुक्त कार्रवाई में जिले में नक्सल विरोधी अभियान लगातार तेज किया जा रहा है। इन अभियानों में सुरक्षा बलों को लगातार बड़ी सफलताएं मिल रही हैं। हालिया सर्च अभियान में सुरक्षाबलों ने पश्चिमी सिंहभूम के जेटेया थाना क्षेत्र के जंगलों से भारी मात्रा में हथियार और जिंदा गोलियां बरामद की हैं।
जिला पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने बताया कि 16 अक्टूबर को गुप्त सूचना मिली थी कि भाकपा (माओवादी) संगठन के शीर्ष नक्सली — मिसिर बेसरा, अनमोल, मौछू, अनल, असीम मंडल, अजय महतो, सागेन अंगरिया और अश्विन — कोल्हान-सारंडा क्षेत्र में सुरक्षाबलों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की साजिश रच रहे हैं। इसी इनपुट के बाद 17 अक्टूबर की सुबह चाईबासा पुलिस, सीआरपीएफ और झारखंड जगुआर की संयुक्त टीम ने बुरूबोरता इलाके में सर्च अभियान शुरू किया।
जंगल से मिला हथियारों का जखीरा
सर्च ऑपरेशन के दौरान बम निरोधक दस्ते की सहायता से कई हथियार और कारतूस बरामद किए गए। जब्त सामग्रियों में एक इंसास राइफल, 198 जिंदा 5.56 मिमी गोलियां, 112 जिंदा 7.62 मिमी गोलियां, 134 जिंदा 303 गोलियां, 4 इंसास मैगजीन, 2 SLR मैगजीन और 2 राइफल मैगजीन शामिल हैं। इसके अलावा सुरक्षाबलों को 7 खाली चार्जर, 2 काले सीलिंग बैग, 2 रकसैक बैग, 2 कम्बल और एक नोटबुक व दो पुस्तकें भी मिलीं।
अभियान जारी, नक्सलियों पर बढ़ेगा दबाव
एसपी अमित रेणु ने बताया कि बरामद सभी वस्तुएं जप्त कर ली गई हैं और मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि नक्सलियों की हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है और भविष्य में भी पुलिस व अर्धसैनिक बलों का अभियान और तेज किया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि राज्य सरकार की नीति के तहत नक्सलियों को आत्मसमर्पण करने के अवसर दिए जा रहे हैं, अन्यथा सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

