फॉण्ट कनवर्टर NEW

कोलकाता से ग्वालियर तक नवरात्रि पर मातम, तीन हादसों में 35 की जान गई

नवरात्रि उत्सव के दौरान कोलकाता में पंडाल भगदड़, ग्वालियर में ट्रक हादसा और हैदराबाद में ढांचा गिरने से 35 लोगों की मौत हो गई, जबकि दर्जनों लोग घायल हुए हैं।

अपनी भाषा में पढ़ें

New Delhi: शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व पर देवी पूजा, मंदिर दर्शन और डांडिया की उमंग के बीच देश के तीन प्रमुख शहरों में हुए दर्दनाक हादसों ने उत्सव के उल्लास को मातम में बदल दिया। कोलकाता के एक पूजा पंडाल में मची भगदड़, मध्य प्रदेश के ग्वालियर में श्रद्धालुओं पर अनियंत्रित ट्रक चढ़ने और हैदराबाद के एक कॉलेज में डांडिया के दौरान भारी ढांचा गिरने की घटनाओं में कुल 35 लोगों की जान चली गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इन त्रासदियों ने सार्वजनिक आयोजनों में भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Read more: कोलकाता भगदड़ में 19 मौतें, मुआवजे के साथ सरकारी नौकरी का ऐलान

कोलकाता के चोरबागान पंडाल में भगदड़, 19 श्रद्धालुओं की मौत

पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के चोरबागान स्थित दुर्गा पूजा पंडाल में शनिवार शाम भीषण भगदड़ मच गई। दर्शन के लिए जुटी भारी भीड़ और अचानक हुई तेज बारिश के दौरान लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे, जिससे संकरी सड़क पर गिरकर कई श्रद्धालु कुचल गए। इस दर्दनाक हादसे में 19 लोगों की जान चली गई और 25 अन्य घायल हो गए। घायलों को तुरंत कलकत्ता मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में दाखिल कराया गया। घटना के बाद प्रशासन की आपदा प्रबंधन तैयारियों और संकरे रास्तों पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

ग्वालियर में शीतला माता मंदिर मार्ग पर ट्रक का कहर, 15 की जान गई

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में रविवार तड़के करीब 1:30 बजे एक और भीषण सड़क हादसा पेश आया। शीतला माता मंदिर में दर्शन के लिए पैदल जा रहे श्रद्धालुओं के जत्थे पर धान से लदा एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक चढ़ गया। पुलिस बैरिकेडिंग तोड़ते हुए ट्रक ढलान से नीचे उतरा और मंदिर की दीवार व गेट से जा टकराया। हादसे में 15 श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई और 24 घायल हो गए। प्रतिबंधित मार्ग पर भारी वाहन के प्रवेश को लेकर प्रशासन ने जांच के आदेश जारी किए हैं।

हैदराबाद के कॉलेज में डांडिया के दौरान लोहे का ढांचा गिरा, छात्रा की मौत

तेलंगाना के हैदराबाद स्थित एमवीएसआर इंजीनियरिंग कॉलेज में शनिवार शाम करीब 7:30 बजे डांडिया उत्सव के दौरान बड़ा हादसा हुआ। सजावटी लाइटों के लिए लगाया गया एक विशाल लोहे का ढांचा अचानक छात्रों के ऊपर आ गिरा। इस हादसे में इंजीनियरिंग की छात्रा सोना की मौत हो गई, जबकि 17 अन्य विद्यार्थी घायल हो गए। घटना का वीडियो सामने आने के बाद राज्य के मुख्यमंत्री ने गहरा दुख जताते हुए आयोजकों और जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram