अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi: मादक पदार्थों के सेवन और दुरुपयोग के खिलाफ जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से गुरुवार को रांची में मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं, खिलाड़ियों, छात्रों और आमजनों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान नशामुक्ति के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले पदाधिकारियों को सम्मानित भी किया गया।
Read more: लुपुंगगुटू में निकली नशा मुक्ति रैली, युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने की पहल
मोरहाबादी मैदान स्थित बापू वाटिका से मैराथन दौड़ को पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य मंत्री सुदिव्य कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मैराथन में शामिल युवाओं का हर कदम झारखंड को मादक पदार्थों के दुरुपयोग से बचाने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि राज्य को नशामुक्त बनाना मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन का संकल्प है और युवा इस लक्ष्य को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
बापू वाटिका से अल्बर्ट एक्का चौक तक दौड़ी जागरूकता की मुहिम
मैराथन दौड़ का आयोजन बापू वाटिका, मोरहाबादी मैदान से अल्बर्ट एक्का चौक तक किया गया। इसमें रांची के विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और कोचिंग संस्थानों के विद्यार्थियों के साथ-साथ कई गणमान्य लोगों ने हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने समाज को मादक पदार्थों के दुरुपयोग से बचाने और नशे के खिलाफ जनजागरूकता फैलाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री सुदिव्य कुमार ने उपस्थित युवाओं और नागरिकों को नशे से दूर रहने तथा मादक पदार्थों के सेवन के खिलाफ जागरूकता फैलाने की शपथ भी दिलाई। उन्होंने अल्बर्ट एक्का चौक पहुंचकर मैराथन और साइकिल प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया।
साइकिल प्रतियोगिता के विजेताओं को मिला सम्मान
आयोजित साइकिल प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में शरद अहीर ने पहला, सुभास उरांव ने दूसरा और गुलशन डूंगडूंग ने तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं महिला वर्ग में पूजा सिंह प्रथम, निशा कुमारी द्वितीय और मंजू कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं।
युवाओं की भागीदारी से मजबूत होगा नशामुक्त झारखंड अभियान
मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि राज्य के युवाओं ने केवल नशामुक्त झारखंड का संकल्प ही नहीं लिया है, बल्कि झारखंड को बेहतर, सशक्त और समृद्ध बनाने में भी सक्रिय योगदान देने का प्रण लिया है। उन्होंने कहा कि मैराथन में युवाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी इस बात का संकेत है कि नई पीढ़ी राज्य के स्वस्थ और उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रतिबद्ध है।
Read more: चैनपुर गुमला: नशा मुक्त समाज के निर्माण में सभी की भागीदारी जरूरी
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा, खिलाड़ी, विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, कर्मचारी और रांची सहित अन्य जिलों से आए गणमान्य लोग मौजूद रहे। वहीं कार्यक्रम स्थल पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रही। प्रदर्शनी के माध्यम से नशामुक्ति और जनजागरूकता से जुड़े संदेशों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।

