अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
चैनपुर गुमला:- राज्य सरकार के निर्देशानुसार संचालित निषिद्ध मादक पदार्थों के विरुद्ध विशेष जागरूकता अभियान के तहत सोमवार को चैनपुर प्रखंड कार्यालय परिसर में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों, कर्मियों एवं जनप्रतिनिधियों ने भाग लेकर नशा मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया। जानकारी देते हुए बताया गया कि कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर नशे के दुष्प्रभावों से दूर रहने तथा समाज के अन्य लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया गया। अधिकारियों ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा 10 जून 2026 से 25 जून 2026 तक राज्यव्यापी नशा मुक्ति जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा संचालित जागरूकता रथ जिले के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर रहा है। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही प्रभावित नहीं करता, बल्कि परिवार और समाज पर भी इसका गंभीर दुष्प्रभाव पड़ता है। युवाओं को नशे से दूर रहकर शिक्षा, रोजगार और सकारात्मक गतिविधियों की ओर अग्रसर होने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त समाज के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। इस अवसर पर उप प्रमुख प्रमोद खलखो, कृषि पदाधिकारी विश्वराम केवट, कल्याण पदाधिकारी शंकर भगत, पंचायती राज पदाधिकारी राममोहन साहू सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों से ग्रामीण क्षेत्रों तक नशा विरोधी संदेश पहुंचाने तथा समाज को नशा मुक्त बनाने के अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील की गई। साथ ही बताया गया कि नशे की समस्या से जूझ रहे व्यक्ति सहायता के लिए टोल फ्री नंबर 112 पर संपर्क कर सकते हैं।

