फॉण्ट कनवर्टर NEW

आधी रात में रेड: नालंदा में अवैध हथियार फैक्ट्री का पर्दाफाश

Nalanda: जिले के करायपरसुराय थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियार निर्माण के खिलाफ एक बड़ी और निर्णायक कार्रवाई करते हुए शनिवार की सुबह कथित मिनी गन फैक्ट्री का उद्भेदन किया है। पुलिस ने पुख्ता गुप्त सूचना के आधार पर ग्राम अगारपर में छापेमारी की

अपनी भाषा में पढ़ें

Nalanda: जिले के करायपरसुराय थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियार निर्माण के खिलाफ एक बड़ी और निर्णायक कार्रवाई करते हुए शनिवार की सुबह कथित मिनी गन फैक्ट्री का उद्भेदन किया है। पुलिस ने पुख्ता गुप्त सूचना के आधार पर ग्राम अगारपर में छापेमारी की और हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले भारी मात्रा में सामान एवं औजार बरामद किए हैं। इसके साथ ही मौके से एक अभियुक्त को भी गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान अगारपर गांव निवासी रंजीत बिन्द (पिता सरयुग बिन्द) के रूप में हुई है।

नालंदा पुलिस के अनुसार, 28 अगस्त की मध्य रात्रि करायपरसुराय थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली थी कि रंजीत बिन्द अवैध आग्नेयास्त्रों के निर्माण और उसके अवैध कारोबार में लिप्त है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अगारपर गांव में रंजीत बिन्द के घर की घेराबंदी की और विधिवत तलाशी ली। तलाशी अभियान के दौरान घर में मिट्टी और बालू में गाड़कर छिपाकर रखे गए हथियार निर्माण से संबंधित कई उपकरण और सामग्रियां बरामद हुईं।

पुलिस के मुताबिक, छापेमारी में कुल 24 प्रकार के उपकरण एवं औजार जब्त किए गए हैं। बरामद सामान में मैगजीन लगी हुई एक अर्धनिर्मित राइफल, छह लोहे के बैरल, दो लोहे की मैगजीन, छह मैगजीन स्प्रिंग, एक कॉकिंग हैंडल और बॉश (BOSCH) कंपनी की कटर मशीन शामिल हैं। इसके अलावा 27 लोहे के पंच (जिन पर A से Z तक अक्षर और ‘&’ का निशान अंकित है), शिवम हैंड वोलर अंकित लोहे की भट्ठी, लकड़ी के तीन राइफल बट, एक राइफल बॉडी, मैगजीन लॉक, रबर का बट बेस, डेढ़ फीट रबर का टुकड़ा, लोहे का हथौड़ा, दो रुखानी, लोहे का कैप, रेती, तीन छोटी प्लेट, मास्टर रिंच, छेनी, छेनी में धार लगाने वाला पत्थर, लोहे का पतला शुंभा, दो कॉकिंग हैंडल नट, मैगजीन के आकार की लोहे की प्लेट और एलन बरामद किया गया।

इस मामले में करायपरसुराय थाने में कांड संख्या 189/26 के तहत शस्त्र अधिनियम की धारा 25(1-AA) एवं 26(1)(II) में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ कर अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। इस सफल अभियान में थानाध्यक्ष सुशील पासवान, पुअनि राजेश कुमार यादव, सअनि संतन कुमार, सिपाही नीरज सहनी, सिपाही राजा कुमार समेत अन्य सशस्त्र बल शामिल रहे।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram