नई दिल्ली : भारत की पदक उम्मीदों को एशियन गेम्स से पहले बड़ा झटका लगा है। स्टार भाला फेंक एथलीट नीरज चोपड़ा ने टखने में लिगामेंट की चोट के कारण 2026 सीजन के बाकी हिस्से से हटने का फैसला किया है। इसके साथ ही वह अगले महीने होने वाले डायमंड लीग फाइनल और एशियन गेम्स में हिस्सा नहीं ले सकेंगे। नीरज से एशियन गेम्स में भारत के लिए स्वर्ण पदक की उम्मीद की जा रही थी। उनका सीजन से हटना भारतीय एथलेटिक्स के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
ज्यूरिख डायमंड लीग में नहीं लिया था हिस्सा
नीरज ने शुक्रवार को डायमंड लीग फाइनल के लिए क्वालिफाई किया था। हालांकि, अब उन्होंने पूरे शेष सीजन से हटने की घोषणा कर दी है। इससे पहले उन्होंने ज्यूरिख में हुए डायमंड लीग चरण में हिस्सा नहीं लिया था। इसके बावजूद वह फाइनल के लिए क्वालिफाई करने में सफल रहे थे। उनके नाम के आगे ‘Q’ दर्ज हो गया था, लेकिन इसके अगले ही दिन उन्होंने सीजन खत्म करने का फैसला बताया।
— Neeraj Chopra (@Neeraj_chopra1) August 29, 2026
लुसाने में किया था सीजन का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन
नीरज ने इस सीजन डायमंड लीग के दोहा और लुसाने चरणों में हिस्सा लिया था। लुसाने में उन्होंने 88.05 मीटर का सीजन का सर्वश्रेष्ठ थ्रो किया और दूसरे स्थान पर रहे। वह शीर्ष स्थान से महज नौ सेंटीमीटर दूर रह गए थे। डायमंड लीग का फाइनल 4 और 5 सितंबर को ब्रुसेल्स में होना है। नीरज के नाम इस प्रतियोगिता में पांच मीट जीत और एक फाइनल खिताब है। उन्होंने 2022 में ज्यूरिख फाइनल में 88.44 मीटर के थ्रो के साथ खिताब जीता था। लुसाने से पहले नीरज ने 2026 में दो प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया था। दोहा डायमंड लीग में वह 85.69 मीटर के थ्रो के साथ चौथे स्थान पर रहे थे, जबकि ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में उन्होंने रजत पदक जीता था।
ट्रेनिंग के दौरान टखने में लगी चोट
नीरज ने शनिवार को सोशल मीडिया पर बताया कि लुसाने में सीजन का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के बाद ट्रेनिंग के दौरान उनके टखने में लिगामेंट की चोट लगी। डॉक्टर और अपनी टीम से चर्चा के बाद उन्होंने मौजूदा सीजन में आगे हिस्सा नहीं लेने का फैसला किया। नीरज ने कहा कि यह उनके लिए निराशाजनक है, क्योंकि उन्हें लग रहा था कि वह अपनी लय हासिल करने के करीब पहुंच रहे थे। उन्होंने अब पूरी तरह ठीक होने और मजबूत वापसी पर ध्यान देने की बात कही है।
एशियन गेम्स में पदक के प्रबल दावेदार थे
लंबे ब्रेक के बाद नीरज ने जून में दोहा डायमंड लीग से वापसी की थी। वहां उन्होंने 85.69 मीटर का थ्रो कर चौथा स्थान हासिल किया। इसके बाद ग्लास्गो में उन्होंने 85.83 मीटर के थ्रो के साथ रजत पदक जीता। लुसाने में 88.05 मीटर का थ्रो उनका सीजन का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। नीरज को आइची-नगोया में 19 सितंबर से होने वाले एशियन गेम्स में भारत की पदक उम्मीदों का प्रमुख चेहरा माना जा रहा था। चोट के कारण अब वह इस प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं ले पाएंगे।




