फॉण्ट कनवर्टर NEW

नगर निगम ने छठ पूजा की तैयारियां की तेज, घाटों पर चेंजिंग रूम और पेयजल की मिलेगी सुविधा

छठ महापर्व को लेकर रांची नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शहर के सभी 72 छठ घाटों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। सोमवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने छठ पूजा समितियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इसमें घाटों की सफाई,

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची : छठ महापर्व को लेकर रांची नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शहर के सभी 72 छठ घाटों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। सोमवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने छठ पूजा समितियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इसमें घाटों की सफाई, सुरक्षा, लाइट, पेयजल और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर कई जरूरी निर्देश दिए गए।

नगर आयुक्त ने अधिकारियों को सभी तैयारियां समय पर पूरी करने और किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने को कहा है।

सभी 72 छठ घाटों की होगी विशेष सफाई

नगर आयुक्त ने निर्देश दिया कि शहर के सभी छठ घाटों पर तुरंत सफाई अभियान शुरू किया जाए। घाटों से कूड़ा-कचरा हटाने, घास काटने और आसपास के इलाकों की नियमित सफाई की जाएगी।

घाटों तक जाने वाले रास्तों को भी साफ रखा जाएगा। जिन तालाबों में नालियों का गंदा पानी जा रहा है, वहां जरूरत के अनुसार पानी का रास्ता बदला जाएगा। जलाशयों की सफाई के लिए ब्लीचिंग पाउडर और फिटकरी का भी इस्तेमाल किया जाएगा।

इसके अलावा काली पूजा के दौरान मूर्ति विसर्जन के बाद 24 घंटे के भीतर मूर्तियों के अवशेष हटाने का निर्देश दिया गया है।

घाटों पर बैरिकेडिंग और अतिरिक्त लाइट की व्यवस्था

श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए छठ घाटों पर जरूरत के अनुसार बांस-बल्लियों से बैरिकेडिंग की जाएगी। घाटों के आसपास झुकी हुई और सूखी पेड़ों की डालियों को भी काटा जाएगा।

छठ पूजा समितियों से कहा गया है कि वे अपने स्वयंसेवकों की मदद से लोगों को गहरे पानी में जाने से रोकें।

इसके साथ ही घाटों तक पहुंचने वाले खराब रास्तों की मरम्मत होगी। जरूरत पड़ने पर स्टोन डस्ट डालकर रास्तों को ठीक किया जाएगा। खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत के साथ अतिरिक्त रोशनी की व्यवस्था भी की जाएगी।

चेंजिंग रूम, पेयजल और शौचालय की मिलेगी सुविधा

छठ व्रतियों की सुविधा के लिए जरूरत वाले घाटों पर अस्थायी चेंजिंग रूम बनाए जाएंगे। नगर आयुक्त ने निर्देश दिया कि चेंजिंग रूम दोहरी परत वाले और ऊपर से पूरी तरह ढके होने चाहिए।

घाटों पर पीने के साफ पानी की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही मॉड्यूलर टॉयलेट और सुलभ शौचालयों की विशेष सफाई कराई जाएगी।

नगर निगम की टीमें रोजाना घाटों का निरीक्षण करेंगी और किसी भी कमी को तुरंत दूर करेंगी।

खरना से छठ समाप्ति तक बंद रहेंगी मीट-मछली की दुकानें

नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने निर्देश दिया कि खरना के दिन से छठ महापर्व समाप्त होने तक मीट और मछली की दुकानें बंद रखी जाएंगी। संबंधित अधिकारियों को इसकी निगरानी करने को कहा गया है।

इसके अलावा छठ घाटों की सीढ़ियों पर जगह बुक करने के लिए नाम या मोबाइल नंबर लिखने पर भी रोक लगाई गई है। ऐसा करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

शिकायत के लिए जारी किया गया टोल फ्री नंबर

नगर आयुक्त ने लोगों से छठ घाटों और जलाशयों में प्लास्टिक, कचरा और पूजा सामग्री नहीं फेंकने की अपील की है। उन्होंने पूजा समितियों, युवाओं और सामाजिक संगठनों से सफाई अभियान में सहयोग करने को कहा।

छठ पूजा के दौरान किसी भी समस्या की शिकायत रांची नगर निगम के टोल फ्री नंबर 18005701235 पर की जा सकती है।

बैठक में अपर नगर आयुक्त संजय कुमार, सहायक नगर आयुक्त चन्द्रदीप कुमार, सहायक लोक स्वास्थ्य पदाधिकारी डॉ. किरण कुमारी समेत नगर निगम के अधिकारी और विभिन्न छठ पूजा समितियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram