फॉण्ट कनवर्टर NEW

डीसी ने जनता दरबार में सुनीं फरियादें, राजस्व मामलों के जल्द समाधान का दिया निर्देश

दुर्गापूजा के बाद सोमवार को रांची समाहरणालय में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। डीसी मंजूनाथ भजन्त्री ने लोगों की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को जल्द समाधान करने का निर्देश दिया।

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची : दुर्गापूजा के बाद सोमवार को रांची समाहरणालय में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। डीसी मंजूनाथ भजन्त्री ने लोगों की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को जल्द समाधान करने का निर्देश दिया।

जनता दरबार में जमीन विवाद, दाखिल-खारिज, ऑनलाइन लगान रसीद, पेंशन भुगतान और सरकारी योजनाओं से जुड़ी कई शिकायतें सामने आईं। डीसी ने कहा कि आम लोगों की समस्याओं का समाधान करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।

दिव्यांग कुलवंश महतो को मिली इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल

जनता दरबार में ओरमांझी प्रखंड के बारीडीह निवासी कुलवंश कुमार महतो को डीसी मंजूनाथ भजन्त्री ने इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल दी। कुलवंश 90 प्रतिशत दिव्यांग हैं।

ट्राईसाइकिल मिलने से उन्हें आने-जाने में आसानी होगी। कुलवंश महतो ने खुशी जताते हुए जिला प्रशासन और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि उन्हें यूट्यूब के माध्यम से डीसी के जनता दरबार की जानकारी मिली थी। यहां आने के बाद उनकी समस्या का समाधान हो गया।

जमीन से जुड़े मामलों का जल्द समाधान करने का निर्देश

जनता दरबार में जमीन पर अवैध कब्जा, दाखिल-खारिज, ऑनलाइन लगान रसीद और पंजी-2 में सुधार से जुड़ी कई शिकायतें मिलीं।

डीसी ने अंचल अधिकारियों और संबंधित विभागों को इन मामलों का जल्द निष्पादन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि लोगों को छोटे-छोटे कामों के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें।

राजस्व कर्मचारी की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी की मांग

जनता दरबार में विभिन्न अंचलों के राजस्व कर्मचारी भी पहुंचे। उन्होंने अरगोड़ा अंचल के राजस्व कर्मचारी स्वर्गीय लक्ष्मी नारायण मुंडा की हत्या के आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की।

इस पर डीसी ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। उन्होंने मृतक के परिवार को नियमानुसार सभी सरकारी सुविधाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया।

आंगनबाड़ी सेविका चयन में गड़बड़ी की होगी जांच

जनता दरबार में आंगनबाड़ी सेविकाओं के चयन में अनियमितता की शिकायत भी मिली। डीसी ने जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को मामले की निष्पक्ष जांच करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

जल्द मिलेगी वृद्धा पेंशन की राशि

जनता दरबार में कई लोगों ने वृद्धा पेंशन का भुगतान नहीं होने की शिकायत की। इस पर डीसी ने बताया कि केंद्र सरकार से पेंशन की राशि मिल चुकी है और जल्द ही लाभुकों के बैंक खातों में पैसे भेजे जाएंगे।

डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाया जाए।

व्हाट्सऐप पर भी कर सकते हैं शिकायत

रांची जिला प्रशासन ने लोगों की शिकायतों के लिए व्हाट्सऐप नंबर 9430328080 जारी किया है। इस नंबर पर लोग अपनी समस्याओं की जानकारी जिला प्रशासन को भेज सकते हैं।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram