Health Adda: मां बनना हर महिला का सपना होता है, लेकिन गर्भधारण करने से पहले अगर थोड़ी सावधानी बरती जाए तो मां और बच्चा दोनों स्वस्थ रहते हैं। इसलिए कंसीव करने से पूर्व पूरी तरह स्वस्थ रहना बेहद जरूरी माना जाता है। इस दौरान महिलाओं को अपने वजन पर खास ध्यान देना चाहिए। अगर आप गर्भधारण करने की योजना बना रही हैं, तो सबसे पहले बढ़ते वजन को नियंत्रित करना जरूरी है। गर्भावस्था से पहले अधिक वजन होने पर नौ महीनों के दौरान कई गंभीर दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। कुछ किलो वजन घटाकर भी प्रेग्नेंसी से जुड़ी कई समस्याओं को दूर किया जा सकता है।
Read more: कम खाने के बाद भी क्यों बढ़ रहा है वजन? जानें असली वजह
शोध में सामने आए कई गंभीर खतरे
कई शोधों में यह दावा किया जा चुका है कि गर्भपात, बच्चे में किसी तरह की कमी और प्रसव के दौरान होने वाली जटिलताओं की एक बड़ी वजह मोटापा हो सकता है। ऐसे में समय रहते वजन को संतुलित कर लेना मां और होने वाले शिशु दोनों की सुरक्षा के लिहाज से आवश्यक कदम है।
प्रजनन क्षमता और गर्भधारण में रुकावट
मोटापे के कारण महिलाओं के प्रजनन स्तर पर भी विपरीत प्रभाव पड़ता है और उनकी प्रजनन क्षमता कमजोर हो सकती है। यह बात सामने आई है कि अत्यधिक वजन की वजह से कई महिलाएं शुरुआती स्तर पर ही गर्भधारण नहीं कर पाती हैं।
हाई बीपी, मधुमेह और बच्चे को बीमारियों का जोखिम
गर्भावस्था के दौरान मोटापे की वजह से महिलाओं में उच्च रक्तचाप (हाई बीपी), मधुमेह (डायबिटीज) और अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का खतरा काफी बढ़ जाता है। इन सामान्य खतरों के अलावा गर्भ में पल रहे बच्चे को भी कोई घातक परेशानी या बीमारी हो सकती है। गर्भावस्था में मां के मोटापे के चलते बच्चे में जन्म से ही मधुमेह की शिकायत देखने को मिल सकती है, साथ ही शिशु को अन्य रोगों की चपेट में आने का खतरा भी बना रहता है।
Read more: रात में चावल खाने से बढ़ता है वजन? मिथक हुआ दूर
खानपान और पोषण का रखें विशेष ख्याल
यदि आपका वजन सामान्य है या सामान्य से थोड़ा अधिक है, तो बहुत ज्यादा चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। हालांकि इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि लापरवाही बरती जाए और बिना सोचे-समझे कुछ भी खाया जाए। इस नाजुक दौर में शरीर को अधिक पोषण और सही देखभाल की जरूरत होती है। लिहाजा, महिलाओं को गर्भधारण से पहले, गर्भावस्था के दौरान और प्रसव के बाद अपने खानपान और वजन का विशेष ध्यान रखना चाहिए।



