फॉण्ट कनवर्टर NEW

पटनावासियों को बड़ी सौगात! मीठापुर-करबिगहिया फ्लाईओवर शुरू, जाम से मिलेगी राहत

249 करोड़ रुपये की लागत से बने मीठापुर-करबिगहिया फ्लाईओवर के फेज-1 से बाईपास, करबिगहिया, कंकड़बाग और गयाजी जाने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी।

अपनी भाषा में पढ़ें

Patna: राजधानी पटना में ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है। मीठापुर-करबिगहिया फ्लाईओवर के फेज-1 का निर्माण पूरा होने के बाद इस पर आवागमन शुरू हो गया है। ₹249 करोड़ की लागत से तैयार इस परियोजना से मीठापुर, करबिगहिया, बाईपास और आसपास के इलाकों के यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है। नए फ्लाईओवर और पहुंच पथ के शुरू होने से शहर के भीतर आने-जाने वाले वाहनों को वैकल्पिक और सुगम मार्ग मिलेगा। इससे रोजाना सफर करने वाले छात्रों, कर्मचारियों, कारोबारियों और अन्य यात्रियों को भी सहूलियत होगी।

1,150 मीटर लंबा है नया फ्लाईओवर

पथ निर्माण विभाग की देखरेख में बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड ने परियोजना का फेज-1 पूरा किया है। इस चरण में 4-लेन फ्लाईओवर का निर्माण किया गया है, जिसकी कुल लंबाई 1,150 मीटर है। फ्लाईओवर पर 7.50 मीटर चौड़ा कैरिजवे तैयार किया गया है। इसके साथ पहुंच पथ और सर्विस पथ का भी निर्माण किया गया है। परियोजना के शुरू होने से मीठापुर गोलंबर से करबिगहिया गोलंबर और वहां से पुराने बस स्टैंड तथा एनएच-30 (बाईपास) की ओर आने-जाने वाले वाहनों की आवाजाही आसान होगी।

बाईपास से शहर में आने वालों को मिलेगी राहत

फ्लाईओवर शुरू होने से बाईपास की तरफ से पटना शहर में प्रवेश करने वाले यात्रियों को पुराने जाम वाले रास्तों पर निर्भरता कम होगी। मीठापुर गोलंबर से करबिगहिया की ओर जाने वाले वाहनों के लिए भी आवागमन सुगम होगा। नए पहुंच पथ के जरिए पटना के अंदरूनी हिस्सों से महुली एलिवेटेड रोड होते हुए गयाजी जाने का रास्ता भी आसान होगा। यह मार्ग आगे गयाजी जाने वाले हाईवे से जुड़ता है।

गयाजी और आईएमसी से संपर्क भी होगा आसान

परियोजना का फायदा पटना और आसपास के यात्रियों के साथ गयाजी जाने वाले लोगों को भी मिलेगा। गयाजी धार्मिक और आर्थिक दृष्टि से महत्वपूर्ण शहर है, जहां हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। इसके अलावा गयाजी के पास डोभी में विकसित इंटीग्रेटेड मैन्यूफैक्चरिंग क्लस्टर (आईएमसी) तक पटना से सीधा संपर्क बेहतर करने में भी यह सड़क महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। पटना एयरपोर्ट से गयाजी या आईएमसी जाने वाले यात्रियों के लिए भी यह मार्ग उपयोगी होगा।

छात्रों और कर्मचारियों का रोजाना सफर होगा आसान

पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल के अनुसार, फ्लाईओवर और पहुंच पथ शुरू होने से मीठापुर गोलंबर से पुराने बस स्टैंड क्षेत्र में स्थित कृषि भवन, चाणक्य राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय (सीएनएलयू) और निफ्ट कॉलेज तक सीधी पहुंच आसान होगी। इससे इन संस्थानों में पढ़ने वाले हजारों छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों को रोजाना आने-जाने में समय की बचत होगी। सचिव ने बताया कि फ्लाईओवर और पहुंच पथ शुरू होने से जीपीओ गोलंबर से करबिगहिया स्टेशन, यानी पटना जंक्शन के दक्षिणी द्वार, और कंकड़बाग की ओर जाने वाले यात्रियों को भी राहत मिलेगी।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram