फॉण्ट कनवर्टर NEW

मंत्री श्रवण कुमार ने पौधे को बांधी राखी? वजह जानकर आप भी करेंगे तारीफ

रक्षाबंधन पर बिहारशरीफ के कारगिल पार्क में मंत्री श्रवण कुमार ने महोगनी के पौधे को राखी बांधी और उसकी देखभाल का संकल्प लेते हुए हरित बिहार का संदेश दिया।

अपनी भाषा में पढ़ें

Patna: रक्षाबंधन के मौके पर ग्रामीण विकास एवं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के मंत्री श्रवण कुमार ने भाई-बहन के रिश्ते को प्रकृति संरक्षण से जोड़ते हुए महोगनी के पौधे को राखी बांधी। बिहारशरीफ के कारगिल पार्क में पौधे को रक्षा सूत्र बांधकर उन्होंने उसके संरक्षण का संकल्प लिया। मंत्री ने कहा कि जिस तरह बहन अपने भाई की रक्षा की कामना करती है, उसी तरह समाज को भी पेड़-पौधों की रक्षा का संकल्प लेना चाहिए। उनके मुताबिक यही रक्षाबंधन का वास्तविक संदेश है।

पौधे को राखी बांध लिया देखभाल का संकल्प

बिहारशरीफ के कारगिल पार्क में आयोजित कार्यक्रम के दौरान श्रवण कुमार ने कहा कि पर्यावरण ही जीवन है। पेड़ हमें ऑक्सीजन, छाया और फल देने के साथ जीवन को सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए इनकी रक्षा करना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने महोगनी के पौधे को रक्षा सूत्र बांधते हुए संकल्प लिया कि जब तक यह पौधा बड़ा होकर विशाल पेड़ नहीं बन जाता, तब तक इसकी पूरी देखभाल की जाएगी।

हरित बिहार बनाने के लिए लोगों से की अपील

मंत्री ने रक्षाबंधन के अवसर पर लोगों से भाई-बहन के रिश्ते के साथ प्रकृति से भी अपना रिश्ता जोड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति एक पौधा लगाए और उसे परिवार के सदस्य की तरह पाल-पोसकर बड़ा करे। उन्होंने कहा कि बिहार को प्लास्टिक और नशामुक्त बनाने के साथ-साथ पेड़ युक्त बिहार बनाने की दिशा में भी काम करना जरूरी है। पर्यावरण के प्रति लोगों को जागरूक करने और पेड़ों की कटाई रोकने के लिए सामूहिक प्रयास की जरूरत है। श्रवण कुमार ने जलवायु परिवर्तन की चुनौती का जिक्र करते हुए कहा कि बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए जन्मदिन जैसे विशेष अवसरों पर पौधे लगाने और उनके संरक्षण की आदत विकसित करनी चाहिए।

बिहार का हरित आवरण 19 प्रतिशत पहुंचा

मंत्री ने दावा किया कि जब पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार की कमान संभाली थी, उस समय राज्य का हरित आवरण करीब 7 प्रतिशत था। अब यह बढ़कर 19 प्रतिशत हो गया है। उन्होंने कहा कि बिहार के हरित आवरण को देश के औसत 33 प्रतिशत के स्तर तक पहुंचाने के लिए सभी बिहारवासियों का सहयोग जरूरी है। कार्यक्रम में प्रदेश सचिव गुलरेज अंसारी, प्रखंड अध्यक्ष धनंजय प्रसाद कुशवाहा, जिला प्रवक्ता डॉ. धनंजय कुमार, देव मुन्ना मांझी, ध्रुव प्रसाद, प्रो. आनंद वर्मा, संजय प्रसाद कुशवाहा, पुरुषोत्तम कुमार सहित वन विभाग के अधिकारी और समाजसेवी मौजूद रहे।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram