चतरा: नाबालिग से घरेलू काम कराने और उसके साथ मारपीट करने के आरोप में चतरा पुलिस के दो अधिकारियों पर कार्रवाई हुई है। एसपी अनिमेष नैथानी ने महिला थानेदार फिरदौस नाज और उनके पति टीपू अंसारी को निलंबित कर दिया है। टीपू अंसारी सदर थाना में पुलिस अवर निरीक्षक के पद पर तैनात थे।
मामला सदर थाना परिसर स्थित पुलिस अधिकारियों के सरकारी आवास से जुड़ा है। आरोप है कि वहां एक नाबालिग से घरेलू काम कराया जा रहा था और उसके साथ मारपीट व प्रताड़ना की जा रही थी। शिकायत मिलने के बाद बाल कल्याण समिति की टीम ने मौके पर पहुंचकर नाबालिग को रेस्क्यू किया था।
रेस्क्यू के बाद नाबालिग का मेडिकल कराया गया और उसे बाल संरक्षण गृह भेज दिया गया। इसके बाद मजिस्ट्रेट के सामने उसका बयान भी दर्ज कराया गया।
मामले की जांच SDPO सन्नी वर्धन ने की। जांच रिपोर्ट में आरोप सही पाए जाने के बाद एसपी ने दोनों अधिकारियों को निलंबित कर दिया। निलंबन के दौरान दोनों को पुलिस लाइन में योगदान देने का निर्देश दिया गया है। विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।
SDPO के अनुसार, दोनों अधिकारियों के खिलाफ FIR दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले में कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।




