Patna: शहर की भागदौड़ के बीच जब कभी अतीत की किसी ऐतिहासिक निशानी को संवारने की पहल होती है, तो वह केवल ईंट-गारे का काम नहीं बल्कि शहर की आत्मा को बचाने की कोशिश होती है। पटना के मिलर हाई स्कूल परिसर में मौजूद वह पुरानी पानी टंकी बरसों से शहर के बदलाव की गवाह रही है, और अब जब इसके मूल स्वरूप से बिना छेड़छाड़ किए इसे गोलाकार पाथ-वे, आधुनिक लाइटिंग और कैफेटेरिया के साथ एक विरासत स्थल के रूप में विकसित करने का शिलान्यास हुआ है, तो यह राजधानीवासियों के लिए किसी खूबसूरत तोहफे से कम नहीं है।
CM ने किया शिलान्यास
सीएम सम्राट चौधरी ने आज पटना के मिलर हाई स्कूल परिसर स्थित ऐतिहासिक पानी टंकी के जीर्णोद्धार, सौंदर्यीकरण एवं कैफेटेरिया निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। यह पहल राजधानी पटना की ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण, शहरी सौंदर्यीकरण तथा नागरिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। परियोजना के तहत ऐतिहासिक पानी टंकी के मूल स्वरूप को संरक्षित रखते हुए उसका जीर्णोद्धार एवं नवीनीकरण किया जाएगा। इसका उद्देश्य ऐतिहासिक विरासत को सुरक्षित रखने के साथ-साथ परिसर को अधिक आकर्षक एवं सुव्यवस्थित बनाना है।
गोलाकार पाथ-वे, लाइटिंग और आधुनिक कैफेटेरिया का निर्माण
इस परियोजना के अंतर्गत पानी टंकी के चारों ओर गोलाकार पाथ-वे का निर्माण, लैंडस्केपिंग तथा आधुनिक प्रकाश व्यवस्था विकसित की जाएगी। इसके अतिरिक्त, पर्यटकों एवं अन्य आगंतुकों की सुविधा के लिए परिसर में एक आधुनिक कैफेटेरिया भवन का निर्माण भी किया जाएगा। नगर विकास एवं आवास विभाग तथा पटना नगर निगम के अंतर्गत क्रियान्वित होने वाली यह परियोजना ऐतिहासिक धरोहर के संरक्षण और राजधानी की सुंदरता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
पटना नगर निगम के आयुक्त श्री यशपाल मीणा ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से पानी टंकी के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण के संबंध में मुख्यमंत्री को विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि न्यूनतम हस्तक्षेप एवं मूल स्थापत्य स्वरूप के अधिकतम संरक्षण के सिद्धांत के अनुरूप पारंपरिक, टिकाऊ एवं संरचना अनुकूल सामग्रियों से जीर्णोद्धार कार्य किया जाएगा। जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण कार्य से संबंधित एक वीडियो फिल्म भी प्रदर्शित की गई।
विरासत के संरक्षण के साथ बेहतर नागरिक सुविधाएं
सीएम ने ऐतिहासिक पानी टंकी परिसर का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। सीएम ने कहा कि राज्य सरकार शहरी आधारभूत संरचना के विकास, ऐतिहासिक स्थलों के संरक्षण और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। मिलर हाई स्कूल परिसर स्थित ऐतिहासिक पानी टंकी के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण की यह पहल इसी संकल्प को आगे बढ़ाती है। पटना की महत्वपूर्ण ऐतिहासिक धरोहर का संरक्षण करते हुए मिलर हाई स्कूल परिसर को एक सुव्यवस्थित एवं आकर्षक विरासत स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा।
इस अवसर पर नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा, सांसद रविशंकर प्रसाद, विधायक संजीव चौरसिया, विधायक रत्नेश कुमार, पटना नगर निगम की महापौर सीता साहू, उप महापौर रेशमी चंद्रवंशी, अन्य जनप्रतिनिधिगण, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव संदीप कुमार आर. पुडुकलकट्टी, नगर आयुक्त यशपाल मीणा, जिलाधिकारी कुंदन कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।




