रांची। रांची में बढ़ रही चेन स्नेचिंग की घटनाओं पर रोक लगाने और पुराने मामलों का जल्द खुलासा करने के लिए बुधवार रात पुलिस अधिकारियों की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता वरीय पुलिस अधीक्षक ने की।
बैठक में पुलिस अधीक्षक नगर, ग्रामीण और यातायात सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और सभी थाना प्रभारी मौजूद रहे। इस दौरान चेन स्नेचिंग की घटनाओं के तरीके, अपराधियों के संभावित रास्ते और संवेदनशील इलाकों की समीक्षा की गई।
पुलिस ने चेन स्नेचिंग के हॉटस्पॉट और संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर वहां नियमित गश्त बढ़ाने का निर्देश दिया है। जरूरत के अनुसार सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की जाएगी।
पुराने मामलों का केसवार और स्थानवार विश्लेषण कर अपराधियों के संभावित रूट और भागने के रास्तों की पहचान की जाएगी। इन इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की भी जांच की जाएगी। जहां सीसीटीवी नहीं हैं, वहां स्थानीय लोगों को कैमरे लगाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
अपराधियों के संभावित रास्तों पर वाहन जांच और पुलिस बल की तैनाती बढ़ाई जाएगी। चेन स्नेचिंग के मामलों के जल्द खुलासे के लिए एसआईटी का गठन किया गया है। टेक्निकल सेल को सीसीटीवी, मोबाइल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से अपराधियों की पहचान करने का निर्देश दिया गया है।
पुलिस पुराने चेन स्नेचिंग और इसी तरह के अपराधों में शामिल रहे अपराधियों की प्रोफाइलिंग और सत्यापन भी कर रही है। जेल से बाहर आए ऐसे अपराधियों की गतिविधियों पर भी विशेष नजर रखी जा रही है।




