लखनऊ। ग्रेटर नोएडा के यमुना एक्सप्रेस-वे पर स्लीपर बस में आग लगने की घटना के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है। मृतकों के परिवार को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये दिए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने हादसे पर दुख जताते हुए अधिकारियों को घायलों का बेहतर इलाज कराने और उन्हें सभी जरूरी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने मृतकों के परिजनों से बात कर हर संभव मदद का भरोसा भी दिया।
हादसा बुधवार देर रात ग्रेटर नोएडा के जेवर क्षेत्र में दयानतपुर गांव के पास हुआ। दिल्ली से महोबा जा रही स्लीपर बस में अचानक आग लग गई। आग तेजी से फैलने के कारण कुछ यात्री बस के अंदर फंस गए। हादसे में नौ यात्रियों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। घायलों को कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया गया कि बस में करीब 35 यात्री सवार थे। आग लगते ही बस में धुआं भर गया और तेज लपटें उठने लगीं। चालक ने बस को एक्सप्रेस-वे के किनारे रोक दिया। इसके बाद कई यात्री खिड़कियों और आपातकालीन निकास से बाहर निकल गए, जबकि कुछ यात्री आग की चपेट में आ गए।
सूचना मिलने पर पुलिस, दमकल विभाग और यमुना एक्सप्रेस-वे की सुरक्षा टीम मौके पर पहुंची। राहत और बचाव दल ने आग बुझाने के बाद बस की तलाशी ली और अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे के कारण जेवर टोल और फलैदा कट के पास कुछ समय के लिए यातायात रोक दिया गया था। राहत कार्य पूरा होने के बाद यातायात बहाल कर दिया गया।
पुलिस और प्रशासन बस में आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं।




