नोएडा। दिल्ली के कश्मीरी गेट से महोबा जा रही डबल डेकर बस में बुधवार देर रात यमुना एक्सप्रेस-वे पर आग लग गई। हादसा एक्सप्रेस-वे के 33 किलोमीटर के पास हुआ। बस में करीब 35 लोग सवार थे। हादसे में एक महिला समेत नौ लोगों की जलकर मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। रेस्क्यू अभियान चलाकर करीब 26 लोगों को बस से बाहर निकाला गया। कुछ यात्री धुएं के कारण बेहोश हो गए थे, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी हालत अब ठीक बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, आग लगने के समय बस में कई यात्री सो रहे थे। आग और धुएं के कारण कुछ लोग बस के अंदर फंस गए। पुलिस और दमकल कर्मियों ने बस के शीशे तोड़कर और गैस कटर की मदद से बस को काटकर फंसे लोगों और शवों को बाहर निकाला।
अपर पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था राजीव नारायण मिश्र ने बताया कि कुछ मृतकों की पहचान हो गई है, जबकि अन्य की पहचान की जा रही है। पुलिस उनके परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है।
बस में सवार रिंकी राजपूत ने बताया कि वह नोएडा से बस में सवार हुई थीं और राठ जा रही थीं। हादसे के समय वह सो रही थीं। एक यात्री ने उनके केबिन को पीटकर उन्हें जगाया, जिसके बाद वह बस से बाहर निकलीं। उन्होंने बताया कि आग लगने के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए बस से बाहर भागने लगे। कई यात्रियों का सामान, नकदी, मोबाइल और जेवर भी जल गए।
हादसे के बाद यमुना एक्सप्रेस-वे पर देर रात से सुबह तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।




