Jamshedpur. टाटा टिनप्लेट वर्कर्स यूनियन की कार्यकारिणी सदस्यों की बैठक यूनियन अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में श्रमिक हितों, ग्रेड रिवीजन, मैनपावर की कमी, टाउनशिप सुविधाओं समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
स्व. राजेन्द्र प्रसाद सिंह को दी गई श्रद्धांजलि
बैठक की शुरुआत झारखंड इंटक के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, बेरमो के पूर्व विधायक एवं राष्ट्रीय इंटक के पूर्व महासचिव स्वर्गीय राजेन्द्र प्रसाद सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। इंटक के प्रदेश अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय ने कहा कि स्व. सिंह श्रमिक एकता और अधिकारों के प्रतीक थे। उन्होंने अपने संघर्ष, नेतृत्व और समर्पण से मजदूर वर्ग को नई दिशा देने का कार्य किया। इस दौरान दो मिनट का मौन रखकर एवं तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।
जेम्स डेविस को भी किया गया याद
बैठक में टाटा टिनप्लेट यूनियन एजुकेशनल ट्रस्ट के ट्रस्टी जेम्स डेविस को भी याद करते हुए श्रद्धांजलि दी गई। यूनियन नेताओं ने उनके योगदान को महत्वपूर्ण बताते हुए उन्हें श्रमिक हितों का समर्थक बताया।
आय-व्यय और सावधि खातों को मिली मंजूरी
बैठक के दौरान यूनियन के आय-व्यय एवं सावधि खातों की जानकारी कार्यकारिणी सदस्यों को दी गई। सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से खातों को पास किया।
सम्मानजनक ग्रेड रिवीजन की उठी मांग
कार्यकारिणी सदस्यों ने बैठक में सबसे प्रमुख मुद्दे के रूप में ग्रेड रिवीजन को उठाया। सदस्यों ने मांग की कि कर्मचारियों के लिए जल्द से जल्द सम्मानजनक ग्रेड लागू किया जाए, जो टाटा स्टील की तर्ज पर 20 हजार से 25 हजार रुपये तक हो। साथ ही डीए प्वाइंट, प्रमोशन और इंक्रीमेंट में भी टाटा स्टील के अनुरूप बढ़ोतरी की मांग की गई।
मैनपावर की कमी दूर करने पर जोर
सदस्यों ने कहा कि कंपनी के सभी विभागों में मैनपावर की भारी कमी है, जिससे कर्मचारियों पर अतिरिक्त दबाव बढ़ रहा है। उन्होंने टाटा स्टील लिमिटेड टिनप्लेट डिवीजन में कर्मचारी पुत्रों की भर्ती जल्द शुरू करने की मांग की।
कर्मचारियों के आवासीय सुविधाओं का मुद्दा उठा
10 नंबर बस्ती में रह रहे कर्मचारियों के घरों में पानी और बिजली के सिक्योरिटी मनी को वापस करने तथा उसे बंद करने की सुविधा देने की मांग की गई। वहीं कंपनी क्वार्टरों में बाथरूम में कमोड लगाने और बड़े गेट की सुविधा उपलब्ध कराने की भी मांग उठी।
सीआरएम-3 और इंसेंटिव बोनस पर चर्चा
बैठक में सीआरएम-3 के शुरू होने पर इंसेंटिव बोनस पर विचार करने, ग्रेड मर्ज करने तथा कर्मचारियों को वन टाइम बेनिफिट देने की मांग की गई। नाइट शिफ्ट अलाउंस बढ़ाने और कर्मचारियों के दो बच्चों को नौकरी देने की भी मांग रखी गई।
टाउनशिप में पानी और सफाई व्यवस्था पर नाराजगी
टिनप्लेट टाउनशिप में पानी की समस्या और लगातार हो रहे पावर कट पर सदस्यों ने चिंता जताई। उन्होंने कहा कि पहले प्रबंधन की ओर से नियमित दवा छिड़काव और सफाई की व्यवस्था होती थी, लेकिन अब जुस्को द्वारा इसके लिए शुल्क लिया जा रहा है, जिसे बंद किया जाना चाहिए।
अस्पताल और कर्मचारियों की सुविधाओं की मांग
बैठक में टिनप्लेट अस्पताल में कैंटीन सुविधा शुरू करने, अस्पताल एवं सिक्योरिटी विभाग के कर्मचारियों को जल्द यूनिफॉर्म उपलब्ध कराने तथा यूनियन कमेटी मेंबरों को टीएमएच जाने के लिए आईडी कार्ड की व्यवस्था करने की मांग की गई।
एनएस ग्रेड बढ़ाने और कर्मचारियों की परेशानी का मुद्दा
कार्यकारिणी सदस्यों ने एनएस-9 के बाद एनएस-12 तक ग्रेड बढ़ाने की मांग की। उन्होंने कहा कि ग्रेड रिवीजन नहीं होने से कर्मचारियों में असंतोष बढ़ रहा है और पेमेंट स्लिप में कम से कम 20 हजार रुपये का लाभ मिलना चाहिए।
कैंटीन और छुट्टी नहीं मिलने पर जताई चिंता
सदस्यों ने कहा कि मैनपावर की कमी के कारण प्लांट के कर्मचारी कैंटीन तक नहीं जा पा रहे हैं और उन्हें छुट्टियां भी नहीं मिल रही हैं। इससे कर्मचारियों में मानसिक दबाव बढ़ रहा है।
एक ही विभाग में वर्षों से जमे अधिकारियों के ट्रांसफर की मांग
बैठक में यह भी कहा गया कि कई एक्जीक्यूटिव ग्रेड के अधिकारी 10-10 वर्षों से एक ही विभाग में पदस्थापित हैं और राजनीति करते हैं। ऐसे अधिकारियों का ट्रांसफर किया जाना चाहिए।
पी रविशंकर को दी गई विदाई
बैठक के अंत में कार्यकारिणी सदस्य पी. रविशंकर के सेवानिवृत्त होने पर उन्हें भावभीनी विदाई दी गई।
बड़ी संख्या में यूनियन पदाधिकारी रहे उपस्थित
सभा में अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय, उपाध्यक्ष परविंदर सिंह सोहल, महामंत्री मनोज कुमार सिंह, सीनियर वाइस प्रेसिडेंट साईं बाबू राजू, वाइस प्रेसिडेंट जगजीत सिंह, सहायक सचिव संजय कुमार, अमृत कुमार झा, निरंजन महापात्र, विनय कुमार साहू, कोषाध्यक्ष संग्राम किशोर दास, सह-कोषाध्यक्ष सूर्यभूषण शर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित थे।



