Bokaro news: केंद्र सरकार के खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक-2026 के विरोध में झारखंड मुक्ति मोर्चा, चासनगर अध्यक्ष प्रमोद तापड़िया के नेतृत्व में चास चेक पोस्ट चौक से पुराना बाजार तक जन-जागरण अभियान चलाया गया। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने आम जनता को विधेयक के संभावित प्रभावों तथा झारखंड के अधिकारों के प्रति जागरूक किया।
जन-जागरण अभियान को संबोधित करते हुए झारखंड मुक्ति मोर्चा बोकारो महानगर अध्यक्ष मंटू यादव ने कहा कि केंद्र सरकार जब तक खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक-2026 को वापस नहीं लेती, तब तक झारखंड मुक्ति मोर्चा का संघर्ष जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि झारखंड के लोकप्रिय मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन जी के नेतृत्व में राज्य सरकार सभी वर्गों के कल्याण के लिए लगातार जनकल्याणकारी योजनाएं चला रही है। मंईयां सम्मान योजना के माध्यम से राज्य की माता-बहनों को सम्मान राशि दी जा रही है तथा सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के सभी वर्गों तक पहुंचाने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है।
मंटू यादव ने कहा कि झारखंड की खनिज संपदा और उससे जुड़े राज्य के अधिकारों को कमजोर करने का कोई भी प्रयास झारखंड की जनता स्वीकार नहीं करेगी। केंद्र सरकार की नीतियों से राज्य के हितों और जनकल्याणकारी योजनाओं पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है। उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता अपने जल, जंगल, जमीन और खनिज संपदा पर अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी तरह एकजुट है।
उन्होंने जोर देकर कहा, “झारखंड की साढ़े तीन करोड़ जनता भली-भांति जानती है कि अपना अधिकार कैसे लेना है। जब झारखंड को लड़कर लिया है, तो अपना हक भी लड़कर लेंगे।”
मंटू यादव ने कहा कि यह जन-जागरण अभियान केवल किसी एक वर्ग या क्षेत्र की लड़ाई नहीं, बल्कि झारखंड के अधिकार, प्राकृतिक संसाधनों और आने वाली पीढ़ियों के हितों की लड़ाई है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गांव, मोहल्ले और बूथ स्तर तक पहुंचकर जनता को विधेयक के विषय में जानकारी दें तथा लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन को मजबूत करें।
जन-जागरण अभियान का संचालन चास नगर सचिव भागीरथ शर्मा ने किया। अभियान में मुख्य रूप से बोकारो महानगर उपाध्यक्ष संजय केजरीवाल, आलोक सिंह, आकाश टुडू, राकेश सिन्हा, बम पांडे, दिनेश यादव, रामदयाल सिंह, रवि सिंह, प्रेम राय, राकेश लाला, दुर्गा दत्ता, पिंटू पासवान, प्रदीप यादव, सुमन वर्मा, रणधीर रजक, अकलू मांझी, सुरेंद्र कुमार, राजकुमार प्रमाणिक, मोहम्मद मुस्लिम, मुहम्मद मुश्ताक, उत्तम कुमार, बैजनाथ पाल, गोपाल गोराई, प्रकाश शर्मा, रूपेश केजरीवाल, सुमित रवानी, अभिजीत सरकार, रूपेश कुमार, शांति किस्कु, मन्नू सिन्हा, रेखा देवी, सुनील सिंह, राज महथा, अनीता देवी, गोरी देवी, गुड़िया देवी, विशाखा देवी, मंजू देवी, मरियम देवी, फुलवा देवी, किरण देवी, मंजरी देवी, हेमंती देवी, अमावती सोरेन, अंजलि सोरेन, जयमाला देवी, सुमन देवी, बबलू पाल, महगू राम, मनोज चौधरी, मनोज कुमार, लिलेश्वर कुमार एवं मोहम्मद सालमत सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।




