रांची: चर्चित कोयला कारोबारी एलबी सिंह की पत्नी आरती सिंह ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) के सामने पेश होने के लिए फिर से समय मांगा है। उन्होंने ED से 10 दिन का अतिरिक्त समय देने का अनुरोध किया है। यह दूसरी बार है जब आरती सिंह ने पेशी के लिए समय मांगा है।
कोयला घोटाले से जुड़े मामले में ED ने दूसरे चरण की छापेमारी के दौरान करीब 160 करोड़ रुपये के निवेश को फ्रीज किया था। यह निवेश एलबी सिंह से संबंधित बताया गया है। छापेमारी के दौरान मिले संपत्ति के दस्तावेजों की जांच के बाद ED ने एलबी सिंह के परिवार और रिश्तेदारों को पूछताछ के लिए समन भेजा था।
ED ने एलबी सिंह के भाई विश्व विजय सिंह, पत्नी आरती सिंह और साले रंजीत कुमार सिंह को समन जारी किया था। बताया गया है कि तीनों पहले जारी समन पर पूछताछ के लिए उपस्थित नहीं हुए।
आरती सिंह ने पहले समन के बाद 10 दिन का समय मांगा था। इसके बाद ED ने दोबारा समन जारी कर उन्हें 27 अगस्त को पेश होने का निर्देश दिया। अब उन्होंने फिर 10 दिन का समय मांगा है।
फिलहाल ED ने आरती सिंह के समय मांगने वाले आवेदन पर कोई फैसला नहीं लिया है।




