Singhbhum News: पश्चिमी सिंहभूम जिले में स्थानीय युवाओं को रोजगार, स्थानीय नियोजन नीति लागू करने और क्षेत्र के विकास कार्यों की मांग को लेकर बुधवार को मनोहरपुर–बड़बिल/किरीबुरू मुख्य सड़क पर शुरू किया गया आंदोलन प्रशासन की पहल और सेल प्रबंधन के साथ लिखित समझौते के बाद समाप्त हो गया। सुबह करीब आठ बजे संयुक्त ग्रामसभा परिषद के नेतृत्व में चिड़िया, बिनुवा, लोडो, टिमरा, सौदा और अंकुवा गांवों के ग्रामीण सड़क पर उतर आए, जिससे लगभग साढ़े पांच घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

स्थिति को देखते हुए मनोहरपुर के अंचलाधिकारी प्रदीप कुमार, बीडीओ शक्तिकुंज तथा पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में सेल चिड़िया खदान के महाप्रबंधक रवि रंजन और उपमहाप्रबंधक रतन पतरी ने ग्रामीण प्रतिनिधियों के साथ वार्ता की। बातचीत के बाद सेल प्रबंधन ने चार प्रमुख मांगों पर लिखित सहमति दी। समझौते के तहत प्रभावित गांवों के बेरोजगार युवक-युवतियों को संबंधित गांवों के मुंडाओं के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराने, स्थानीय नियोजन एवं विकास कार्यों की समीक्षा के लिए हर महीने बैठक आयोजित करने, सीएसआर मद से स्वास्थ्य, शिक्षा और पेयजल सुविधाओं को मजबूत करने तथा बिरसा चौक से अंकुवा चौक तक लगभग पांच किलोमीटर जर्जर सड़क का पक्कीकरण कराने का आश्वासन दिया गया।

लिखित आश्वासन मिलने के बाद दोपहर 1:26 बजे ग्रामीणों ने आंदोलन समाप्त कर सड़क खाली कर दी, जिसके बाद मार्ग पर आवागमन सामान्य हो गया। हालांकि आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि तय समय में वादों को अमल में नहीं लाया गया तो भविष्य में इससे भी बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

Share.
Exit mobile version