पलामू: तरहसी थाना क्षेत्र के छेछानी गांव में जन्माष्टमी जुलूस में शामिल होने गए 25 वर्षीय युवक चंदन कुमार साव का शव देर रात कुएं से बरामद हुआ। परिजनों ने उसके दोस्तों पर मारपीट कर हत्या करने और शव को कुएं में डालने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हत्या या हादसे, दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर छानबीन की जा रही है।
मृतक की पहचान टरिया पंचायत के भालोगाड़ी निवासी चंदन कुमार साव, पिता बिहारी साव के रूप में हुई है। वह महाराष्ट्र में रहकर पोकलेन चलाता था और शनिवार सुबह ही अपने घर लौटा था।
बताया गया कि शाम को उसके दोस्त उसे छेछानी गांव में जन्माष्टमी के जुलूस में शामिल होने के लिए बुलाकर ले गए थे। जुलूस खत्म होने के बाद चंदन घर नहीं लौटा तो परिवार वालों ने उसकी तलाश शुरू की।
परिजनों के अनुसार, उन्होंने चंदन के दोस्तों से पूछताछ की। इसके बाद जुलूस के रास्ते के पास स्थित एक कुएं से देर रात करीब 1 बजे चंदन का शव बरामद किया गया।
सूचना मिलने पर तरहसी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर रविवार सुबह पोस्टमार्टम के लिए मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने कुछ युवकों को पूछताछ के लिए थाने भी ले गई है।
परिजनों का आरोप है कि चंदन का दोस्तों के साथ विवाद हुआ था और उसके साथ मारपीट की गई। वहीं, पूछताछ में दोस्तों की ओर से बताया गया कि साउंड बॉक्स पर मुक्का मारने को लेकर विवाद हुआ था। हालांकि, घटना की वास्तविक वजह और मौत कैसे हुई, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
चंदन तीन भाइयों में सबसे छोटा था और उसकी शादी नहीं हुई थी। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।




