श्रीनगर। श्रीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शुक्रवार सुबह इंडिगो की एक फ्लाइट पार्किंग के दौरान पोल से टकरा गई। हादसा नवी मुंबई से श्रीनगर पहुंची फ्लाइट के साथ हुआ। राहत की बात यह रही कि विमान में सवार सभी यात्री और क्रू मेंबर सुरक्षित हैं। किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
VDGS पोल से टकराया विमान
हवाई अड्डा अधिकारियों के अनुसार, घटना सुबह करीब 9:02 बजे हुई। इंडिगो की फ्लाइट 6E 225 लैंडिंग के बाद बे नंबर 06 पर पार्क हो रही थी। इसी दौरान विमान विजुअल डॉकिंग गाइडेंस सिस्टम (VDGS) के पोल से टकरा गया।
पोल पर विमान की पार्किंग में मदद करने वाली डिस्प्ले यूनिट, लेजर और कैमरा सेंसर लगे थे। घटना के बाद यात्रियों और क्रू मेंबर्स को मैनुअल सीढ़ियों की मदद से सुरक्षित विमान से बाहर निकाल लिया गया।
उड़ानों पर नहीं पड़ा असर
एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि हादसे के बावजूद श्रीनगर एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन सामान्य है। सभी फ्लाइट्स अपने निर्धारित समय के अनुसार चल रही हैं।
मामले की जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की सही वजह सामने आएगी। फिलहाल घटना को लेकर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
एक दिन पहले भी डायवर्ट हुई थी इंडिगो की फ्लाइट
इससे एक दिन पहले दोहा से बेंगलुरु जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 1302 को पायलट की तबीयत अचानक खराब होने के कारण मस्कट डायवर्ट किया गया था। मस्कट में विमान की सुरक्षित लैंडिंग के बाद पायलट को चिकित्सा सहायता दी गई। इसके बाद एयरलाइन ने यात्रियों को बेंगलुरु पहुंचाने के लिए वैकल्पिक विमान और नए क्रू की व्यवस्था की।




