फॉण्ट कनवर्टर NEW

लातेहार में पत्नी की डंडे से पीट-पीटकर ह’त्या, पति गिरफ्तार

लातेहार के जामटोली गांव में पति-पत्नी के विवाद के बाद महिला की मौत हुई, पुलिस ने आरोपी पति शंकर बड़ाइक को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है।
पत्नी की डंडे से पीट-पीटकर हत्या

अपनी भाषा में पढ़ें

Latehar: जिले के नेतरहाट थाना क्षेत्र के जामटोली गांव में पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद एक महिला की मौत का मामला सामने आया है। आरोप है कि विवाद के दौरान पति ने डंडे से पत्नी की पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। इलाज नहीं मिलने के बाद उसकी मौत हो गई। मृतका की पहचान 38 वर्षीय किरण देवी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी पति शंकर बड़ाइक को गिरफ्तार कर लिया है।

विवाद के बाद डंडे से पिटाई का आरोप

ग्रामीणों के अनुसार शंकर बड़ाइक शराब का सेवन करता था और पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। बताया गया कि घटना के दिन किरण देवी स्थानीय सुदामा के होटल में काम करने के बाद शाम को घर लौटी थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर शंकर बड़ाइक ने डंडे से किरण देवी की पिटाई कर दी। मारपीट में वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

रातभर घायल अवस्था में घर में पड़ी रही

बताया गया कि पिटाई के बाद किरण देवी घायल अवस्था में रातभर घर में पड़ी रही। समय पर उपचार नहीं मिलने के कारण उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के ग्रामीणों ने नेतरहाट थाना पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने आरोपी पति को किया गिरफ्तार

सूचना मिलते ही नेतरहाट थाना प्रभारी राजन अधिकारी पुलिस टीम के साथ जामटोली गांव पहुंचे। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेज दिया। थाना प्रभारी के अनुसार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति शंकर बड़ाइक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

ग्रामीणों ने घरेलू विवाद की बात बताई

ग्रामीणों का कहना है कि पति-पत्नी के बीच पहले भी विवाद होता रहता था। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि शंकर बड़ाइक की दो शादियां हुई थीं। हालांकि, घटना के पीछे की पूरी वजह और मौत की परिस्थितियों को लेकर पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई

पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच से सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में शोक के साथ आक्रोश का माहौल है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram