Saraikela-Kharsawan: सरायकेला-खरसावां जिले की कपाली ओपी पुलिस को सफलता मिली है। KGN मेडिकल दुकान में रंगदारी मांगने, फायरिंग करने और लूटपाट की सनसनीखेज घटना के मुख्य आरोपी सारिक साह उर्फ घेघा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने 21 जून 2026 को आजादनगर थाना क्षेत्र के बगान शाही इलाके में छापेमारी कर उसे दबोच लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, यह वारदात 5 अप्रैल 2025 की रात करीब 9:50 बजे हुई थी। उस समय कुछ अपराधी कपाली स्थित KGN मेडिकल दुकान में घुस गए और संचालक साकिब परवेज से रंगदारी की मांग की। विरोध करने पर अपराधियों ने जानलेवा फायरिंग की, दुकान में तोड़फोड़ की और नकदी समेत मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद कपाली ओपी में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना तंत्र की मदद से लगातार कार्रवाई की। अब तक इस कांड से जुड़े आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। इनमें तीन आरोपियों को सीधे इसी मामले में गिरफ्तार किया गया, जबकि पांच अन्य आरोपियों से अलग-अलग मामलों में जेल में रहने के दौरान रिमांड पर पूछताछ की गई। पुलिस वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्टल और गोली भी पहले ही बरामद कर चुकी है।
Read more: सरायकेला-खरसावां में पुलिस का नाइट ऑपरेशन, 13 वांछित अपराधी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपी सारिक साह उर्फ घेघा (26) मूल रूप से कोवाली क्षेत्र का रहने वाला है और लंबे समय से आजादनगर में किराये के मकान में रह रहा था। घटना के बाद से वह लगातार फरार था और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। विशेष टीम ने आखिरकार उसे पकड़ने में सफलता हासिल की। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, सारिक साह उर्फ घेघा का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ झारखंड के चांडिल, बहरागोड़ा और पोटका थाना क्षेत्रों के अलावा ओडिशा के गोरुमहिषाणी थाना में भी लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट से जुड़े कुल आठ आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब उसके आपराधिक नेटवर्क और अन्य गतिविधियों की भी गहन जांच कर रही है।





