अररिया: बिहार के अररिया जिले में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी और इसके जरिए अर्जित की गई काली कमाई के खिलाफ सुरक्षा बलों ने एक नई कार्रवाई को अंजाम दिया है। जिले की फुलकाहा थाना पुलिस ने सशस्त्र सीमा बल (SSB) के जवानों के साथ मिलकर संयुक्त रूप से छापेमारी करते हुए लाखों रुपये की नकदी और गांजा बरामद करने में सफलता हासिल की है।
यह पूरी कार्रवाई बृहस्पतिवार की देर शाम फुलकाहा थाना क्षेत्र के मिल्की डुमरिया वार्ड संख्या 3 स्थित कुख्यात तस्कर बैजनाथ बहरदार के घर पर की गई। छापेमारी के दौरान पुलिस और एसएसबी की टीम ने ठिकाने से 2.42 किलोग्राम गांजा और 10 लाख 88 हजार 700 रुपये नगद जब्त किए। माना जा रहा है कि यह पूरी नकदी नशे के अवैध कारोबार के जरिए जुटाई गई थी।
कार्रवाई के दौरान मौके से मुख्य आरोपी बैजनाथ बहरदार और उसका बेटा पंकज बहरदार चकमा देकर भागने में सफल रहे। हालांकि, पुलिस ने घर पर मौजूद बैजनाथ की दोनों पत्नियों अमला देवी और सीमा देवी को हिरासत में ले लिया है। दोनों से पुलिस और जांच एजेंसियां सघन पूछताछ कर रही हैं, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों और संपत्तियों की जानकारी जुटाई जा सके।
प्रशासनिक पारदर्शिता और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह छापेमारी मजिस्ट्रेट सह नरपतगंज के राजस्व अधिकारी रामउदगार चौपाल की मौजूदगी में संपन्न हुई।
अभियान का नेतृत्व फुलकाहा थानाध्यक्ष विकास कुमार मौर्य कर रहे थे। पुलिस टीम में अपर थानाध्यक्ष गुलशन कुमार, एसआई रंजना कुमारी, रमेश कुमार सिंह, एएसआई प्रदीप भारती के साथ-साथ महिला पुलिस बल के जवान तैनात थे। वहीं, एसएसबी की ओर से बीओपी प्रभारी व सहायक सेनानायक राणा कुमार और उपनिरीक्षक रतन कुमार ब्रह्मा सहित कई जवान शामिल रहे।
मामले को लेकर फुलकाहा थाने में नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी बैजनाथ बहरदार और उसके पुत्र पर लंबे समय से नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार में शामिल रहने और उससे अवैध संपत्ति अर्जित करने के गंभीर आरोप हैं। पुलिस की कई टीमें फरार पिता-पुत्र को गिरफ्तार करने के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।




