Patna: बिहार के गया जी जिले में करीब 6 हजार करोड़ रुपये की लागत से बड़ी एकीकृत इस्पात परियोजना स्थापित करने की तैयारी है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की मौजूदगी में पटना के लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में उद्योग विभाग और महाशक्ति ग्रुप के बीच परियोजना के लिए एमओयू पर हस्ताक्षर कर उसका आदान-प्रदान किया गया। प्रस्तावित परियोजना की तैयार इस्पात उत्पादन क्षमता 1.0 से 1.5 मिलियन टन प्रति वर्ष होगी।
Read more: मानव तस्करी पर बिहार पुलिस का बड़ा कदम, DGP बोले- हर जिले में बने अलग सेल
इस परियोजना में करीब 6 हजार करोड़ रुपये के प्रस्तावित न्यूनतम निवेश का प्रावधान है। सरकार के मुताबिक, परियोजना से बिहार में औद्योगिक विकास, निवेश और रोजगार सृजन को गति मिलने के साथ सहायक एवं लघु उद्योगों को भी बढ़ावा मिलेगा।
गया जी में स्थापित होगी एकीकृत इस्पात परियोजना
उद्योग विभाग और महाशक्ति ग्रुप के बीच हुआ एमओयू गया जी जिले में बड़े एकीकृत इस्पात प्रोजेक्ट की स्थापना के लिए है। इसकी प्रस्तावित तैयार इस्पात उत्पादन क्षमता सालाना 1.0 से 1.5 मिलियन टन होगी। इस निवेश के जरिए बिहार के औद्योगिक विकास को गति देने के साथ राज्य को देश के प्रमुख औद्योगिक केंद्रों में स्थापित करने की दिशा में आगे बढ़ने की उम्मीद जताई गई है।
मुख्यमंत्री बोले- बड़े निवेश आकर्षित हो रहे
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार सरकार राज्य में उद्योगों के अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। निवेशकों को बेहतर आधारभूत संरचना, पारदर्शी नीतियां और त्वरित प्रशासनिक सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे राज्य में बड़े निवेश आकर्षित हो रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस्पात परियोजना स्थापित होने से स्थानीय स्तर पर बड़े पैमाने पर प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे। इसके साथ सहायक एवं लघु उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
Read more: बाबा भोले के भक्तों के लिए बड़ी खुशखबरी, श्रावणी मेला 2026 शुभारंभ, सीएम ने किए कई बड़े ऐलान
निर्धारित समय में परियोजना आगे बढ़ने की उम्मीद
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि बिहार इंडस्ट्रियल एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (BIADA), उद्योग विभाग और निवेशक संस्थानों के समन्वित प्रयासों से परियोजना निर्धारित समय सीमा में आगे बढ़ेगी। उन्होंने इसे राज्य के औद्योगिक विकास के नए अध्याय की शुरुआत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह और उद्योग विभाग के निदेशक मुकुल कुमार गुप्ता मौजूद रहे। इसके अलावा महाशक्ति ग्रुप के अनमोल लोढ़ा, विष्णु नाथ समेत समूह के अन्य पदाधिकारी और अधिकारी भी कार्यक्रम में उपस्थित थे।




