चाईबासा : गुवा गोलीकांड के अमर शहीदों की स्मृति में मंगलवार को पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा स्थित सलाई तथा गोइलकेरा प्रखंड के डेरवां चौक में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में सिंहभूम की सांसद जोबा माझी और मनोहरपुर विधायक जगत माझी ने शहीद वेदी पर विधिवत नारियल फोड़कर पूजा-अर्चना की और शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर सांसद जोबा माझी ने कहा कि शहीदों को श्रद्धांजलि देने के साथ उनके संघर्ष और कुर्बानी के उद्देश्य को याद करना भी जरूरी है। जिन हक और अधिकारों के लिए लोगों ने आंदोलन किया और अपनी कुर्बानी दी, उस लड़ाई को आगे बढ़ाने के लिए सभी को एकजुट होकर संकल्प लेना होगा। उन्होंने कहा कि जल, जंगल और जमीन की रक्षा करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
सांसद ने समाज के सभी समुदायों से आपसी एकता और भाईचारा बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि एकजुट होकर ही अपने अधिकारों और क्षेत्र के हितों की रक्षा की जा सकती है।
वहीं विधायक जगत माझी ने कहा कि जल, जंगल और जमीन से ही हमारा अस्तित्व जुड़ा हुआ है। इसकी रक्षा करना हमारा धर्म है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में रहने वाले लोगों की मूलभूत आवश्यकताओं को पूरा करने के साथ जल, जंगल और जमीन पर उनके अधिकार को सुनिश्चित करने की दिशा में सभी को मिलकर काम करना होगा।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में झामुमो जिला उपाध्यक्ष अकबर खान, मनोहरपुर प्रखंड अध्यक्ष सह जिला परिषद उपाध्यक्ष रंजीत यादव, संजीव गंताइत, राजू सिंह, विक्रम सिंह, किशोर कुमार खलखो, चंचल रवानी, सुखराम सांडिल, बामिया माझी, मोहम्मद तबारक, सुखमती कोड़ा, जानकी हेम्ब्रम, निखिल साह समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे।




