रांची: झारखंड भाजपा ने विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 (SIR) की प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर निर्वाचन विभाग को ज्ञापन सौंपा है। पार्टी ने खासकर संथाल परगना में मतदाता सूची को लेकर सामने आ रही विसंगतियों की जांच और कार्रवाई की मांग की है।
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष और SIR के प्रदेश संयोजक राकेश प्रसाद ने अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने मामले की जांच कराने और दोषी पाए जाने वालों पर कार्रवाई की मांग की।
‘No Mapping’ मतदाताओं की सूची मांगी
भाजपा ने कहा कि स्वच्छ और सही मतदाता सूची लोकतंत्र के लिए जरूरी है। पार्टी ने मांग की कि जिन मतदाताओं का 2003 की मतदाता सूची से सत्यापन नहीं हो पाया है, उनकी ‘No Mapping’ सूची विधानसभा के अनुसार उपलब्ध कराई जाए। इससे दावे और आपत्तियों की प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहेगी।
राजमहल में मतदाता संख्या बढ़ने का दावा
ज्ञापन में भाजपा ने राजमहल विधानसभा क्षेत्र के कुछ बूथों पर मतदाताओं की संख्या में बदलाव का दावा किया है। पार्टी ने बूथ संख्या 343 और 187 का उदाहरण देते हुए 2019 और 2024 की मतदाता सूचियों में मतदाताओं की संख्या में अंतर का उल्लेख किया है।
साहेबगंज और गोड्डा में भी आरोप
भाजपा ने साहेबगंज के बोरियो विधानसभा क्षेत्र और गोड्डा विधानसभा के कुछ बूथों पर भी मतदाता सूची में गड़बड़ी का आरोप लगाया है। पार्टी ने उम्र संबंधी विसंगतियों और कुछ मामलों में पिता-पुत्र की उम्र में कम अंतर होने का दावा किया है।
भाजपा ने गोड्डा के बसंतराय प्रखंड में कुछ बूथों पर फार्म-7 लेने से इनकार करने का भी आरोप लगाया। पार्टी ने निर्वाचन विभाग से सभी मामलों की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है। ज्ञापन सौंपने के दौरान बबन गुप्ता और सुनील साहू भी मौजूद रहे।
Read more : बिहार की डेढ़ लाख छात्राओं को जल्द मिलेगी 50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि




