पटना: बिहार के विभिन्न विश्वविद्यालयों से स्नातक पास करीब डेढ़ लाख छात्राओं को मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना के तहत 50-50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। उच्च शिक्षा विभाग ने दिसंबर 2025 तक स्नातक पास छात्राओं के डेटा का सत्यापन कर लिया है।
विभाग के अनुसार, 2,234 छात्राओं का डेटा अधूरा मिला है। संबंधित विश्वविद्यालयों को एक सप्ताह के अंदर डेटा ठीक करने का निर्देश दिया गया है। इसके बाद सभी योग्य छात्राओं के बैंक खातों में राशि भेजी जाएगी।
10 सितंबर तक राशि भेजने की तैयारी
उच्च शिक्षा निदेशालय ने 17 विश्वविद्यालयों से मिले छात्राओं के डेटा का सत्यापन किया है। विभाग ने 10 सितंबर तक सभी पात्र छात्राओं के खाते में प्रोत्साहन राशि उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा है।
उच्च शिक्षा निदेशक प्रो. एनके अग्रवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री बालिका (स्नातक) प्रोत्साहन योजना के तहत स्नातक पास छात्राओं को 50 हजार रुपये दिए जाते हैं। इसके लिए वित्त विभाग से राशि की स्वीकृति भी मिल गई है।
इन विश्वविद्यालयों की छात्राएं शामिल
इस योजना में पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय, पटना विश्वविद्यालय, बीएन मंडल विश्वविद्यालय, बीआरए बिहार विश्वविद्यालय, जयप्रकाश विश्वविद्यालय, ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, मुंगेर विश्वविद्यालय, पूर्णिया विश्वविद्यालय, तिलका मांझी भागलपुर विश्वविद्यालय, वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय, मगध विश्वविद्यालय सहित 17 विश्वविद्यालयों की छात्राएं शामिल हैं।




