Visakhapatnam: आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम स्थित एक निजी स्कूल से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शहर के ‘लिटिल गार्डन स्कूल’ में एलकेजी (LKG) के 6 वर्षीय छात्र प्रणय तेज की क्लासरूम में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना के बाद परिजनों ने संबंधित शिक्षिका और स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही व शारीरिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है।
होमवर्क न करने पर डांट और थप्पड़ का आरोप
परिजनों द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, छात्र प्रणय तेज अपना होमवर्क पूरा करके नहीं गया था। आरोप है कि इससे नाराज शिक्षिका ने उसे बुरी तरह डांटा और कथित तौर पर उसकी शर्ट खींचते हुए थप्पड़ जड़ दिया। शिक्षिका के इस कड़े रवैये से 6 साल का मासूम बच्चा बुरी तरह सहम गया और रोने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रोते-रोते बच्चा अचानक अचेत होकर सीधे शिक्षिका की गोद में गिर पड़ा।
अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
बच्चे की हालत बिगड़ती देख आनन-फानन में स्कूल स्टाफ उसे नजदीकी अस्पताल लेकर गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद बच्चे को मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का कहना है कि बच्चा सुबह पूरी तरह स्वस्थ था और स्कूल जाते समय उसे किसी भी तरह की कोई शारीरिक परेशानी या बीमारी नहीं थी।
पुलिस ने CCTV फुटेज जब्त कर जांच शुरू की
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने अस्पताल और स्कूल पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों ने क्लासरूम और स्कूल परिसर के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है ताकि पूरी घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ा जा सके। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज की विस्तृत जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




