India News: भारत-पाकिस्तान सीमा पर एक बड़ी आतंकी साजिश को समय रहते नाकाम किया गया है। BSF और पंजाब पुलिस ने एक संयुक्त अभियान के तहत पंजाब के सीमावर्ती क्षेत्र में भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री और हथियार बरामद किए हैं।

जानकारी के मुताबिक, रविवार सुबह गांव चक बाला के कुछ ग्रामीणों ने खेतों में संदिग्ध वस्तुएं देखीं और तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही BSF और पंजाब पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और पूरे गांव को घेरते हुए सघन सर्च ऑपरेशन चलाया गया।

इस तलाशी अभियान में 972 ग्राम आरडीएक्स, एक रिमोट कंट्रोल डिवाइस, चार्जर, दो हैंड ग्रेनेड, दो डेटोनेटर, आठ बैटरियां, एक ब्लैक बॉक्स, 30 जिंदा कारतूस, दो पिस्टल और चार मैगजीन बरामद की गईं। इन वस्तुओं की बरामदगी से स्पष्ट होता है कि यह किसी बड़े आतंकी हमले की तैयारी थी, जिसे सुरक्षाबलों ने समय रहते विफल कर दिया।

पंजाब पुलिस के महानिदेशक गौरव यादव ने इस बरामदगी की पुष्टि करते हुए इसे एक बड़ी कामयाबी बताया। उन्होंने कहा कि BSF और पंजाब पुलिस की सतर्कता ने एक संभावित आतंकी घटना को टाल दिया है। डीजीपी ने बताया कि अमृतसर के अजनाला थाना क्षेत्र में इस पूरे मामले को लेकर एफआईआर दर्ज की गई है और मामले की गहन जांच जारी है।

इस घटना के बाद सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है, तथा खुफिया एजेंसियां भी सक्रिय हो गई हैं ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि का समय रहते पता लगाया जा सके।

Share.
Exit mobile version