Ranchi: रांची के धुर्वा स्थित जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में 09 अक्टूबर 2026 को होने वाले भारत बनाम वेस्टइंडीज दूसरे टी-20 मुकाबले को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। मैच के दौरान उमड़ने वाली हजारों दर्शकों की भीड़ को नियंत्रित करने और शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए सोमवार को जिला समाहरणालय में एक उच्चस्तरीय बैठक हुई। जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में पुलिस-प्रशासन और झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) के शीर्ष अधिकारियों ने सुरक्षा व विधि-व्यवस्था की रणनीति तय की।
बिना टिकट वालों पर सख्त पाबंदी
स्टेडियम और उसके आसपास अव्यवस्था रोकने के लिए प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। उपायुक्त ने स्पष्ट आदेश दिया है कि दोपहर 3 बजे दर्शकों की एंट्री शुरू होने से पहले स्टेडियम के इर्द-गिर्द बिना टिकट वाले लोगों को बिल्कुल भी जमा नहीं होने दिया जाएगा। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि मुख्य मार्गों और परिसर के आसपास सुरक्षा घेरा इतना मजबूत रहे कि आम राहगीरों और टिकटधारकों को आवाजाही में कोई परेशानी न हो।
कतार में प्रवेश और बैन चीजों पर नजर
दर्शकों को केवल उनके टिकट पर दर्ज निर्धारित गेटों से ही कतारबद्ध तरीके से भीतर भेजा जाएगा। प्रशासन ने क्रिकेट प्रेमियों से अपील की है कि वे भगदड़ और अनावश्यक देरी से बचने के लिए गेट खुलने के समय से पहले पहुंचकर तय लेन में ही कतार में लगें। इसके अलावा, स्टेडियम के भीतर किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित वस्तु ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। एंट्री पॉइंट पर ही सघन जांच के बाद दर्शकों को प्रवेश मिलेगा।
अफसरों और JSCA को मिला समय पर काम का टास्क
बैठक में एसएसपी राकेश रंजन, सिटी एसपी पारस राणा, ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह, जेएससीए अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव और सचिव सौरभ तिवारी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। डीसी ने सभी विभागों को आपसी तालमेल के साथ समय रहते तैयारियां पूरी करने को कहा, जिससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रांची की बेहतर छवि सामने आए। शहरवासियों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने और केवल निर्धारित पार्किंग का उपयोग करने की अपील की गई है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना देने के लिए आधिकारिक व्हाट्सएप हेल्पलाइन ‘अबुआ साथी’ (9430328080) और पुलिस कंट्रोल रूम को एक्टिव रखा गया है।




